- Hindi News
- National
- धर्मशाला पर रहेगी 228 सीसीटीवी कैमरों की नजर, मुख्यमंत्री ने लिया स्मार्ट सिटी परियोजना का जायजा
धर्मशाला पर रहेगी 228 सीसीटीवी कैमरों की नजर, मुख्यमंत्री ने लिया स्मार्ट सिटी परियोजना का जायजा
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को स्मार्ट सिटी परियोजना धर्मशाला की प्रगति की समीक्षा की। धर्मशाला शहर के लिए 2100 करोड़ परियोजना से न केवल शहर का कायाकल्प होगा बल्कि पर्यटकों को भी विश्व स्तरीय मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। जलापूर्ति योजनाओं के लिए स्रोत और संयंत्र में वृद्धि आैर स्वचालन प्रक्रिया को 29.73 करोड़ व्यय कर पूर्ण किया है। परियोजना के अधिकारियों को वांछित परिणामों को प्राप्त करने के लिए बेहतर समन्वय एवं सहयोग के साथ काम करना चाहिए। निष्पादन एजेंसियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करना चाहिए। स्मार्ट सिटी में चार स्थानों पर 228 सीसीटीवी कैमरे व पर्यावणीय सेंसर आैर 10 स्थानों पर ध्वनि विस्तार सेवा उपकरण लगाए जाएंगे। इसके तहत सड़कों, स्मार्ट स्ट्रीट लाइटों, यूटिलिटी नालियां आैर फुटपाथ सुविधा विकसित होंगे। तीन किलोमीटर सड़क के नमूने की व्यवहारिकता रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। लोगों की सुविधा के 33 स्थानों में स्मार्ट कियोस्क स्थापित किए जाएंगे। 78 बस ठहराव स्थलों पर यात्री सूचना प्रणाली की सुविधा प्रदान की जाएगी। शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी ने कहा कि परियोजना 20 सितंबर 2020 तक पूर्ण कर ली जाएगी। स्मार्ट सिटी मिशन धर्मशाला के प्रबंध निदेशक संदीप कदम ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और परियोजना पर प्रस्तुति दी। बैठक में तरुण कपूर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।