एनएच कालका-शिमला पर बोलेरो बचाते ट्रक खाई में गिरा, दो घायल
चायल | नेशनल हाईवे कालका-शिमला पर शुक्रवार को कंडाघाट के समीप डेढ़घराट में बोलेरो को बचाते समय एक लकड़ी से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। इससे ट्रक में सवार दो लोग घायल हो गए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जानकारी के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब लकड़ी लदा एक ट्रक ज्यूरी से नारायणगढ़ जाते समय दोपहर करीब 2.45 बजे विपरीत दिशा में जा रही एक बोलेरो को बचाते हुए उसमें टकराकर खाई में गिर गया। इस हादसे में ट्रक मालिक प्रदीप और कलीनर रोहित घायल हो गया। इससे एनएच पर जाम लग गया। घायलों को कंडाघाट अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सोलन अस्पताल रैफर किया गया है। थाना प्रभारी कंडाघाट देशराज गुलेरिया ने मामले की पुष्टि की है। पुलिस हादसे के कारणों का जांच कर रही है।