शिमला-धर्मशाला हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त हुई गुजरात के पर्यटकों की टूरिस्ट बस।
शिमला-धर्मशाला हाईवे पर मंगरोट के पास हुआ हादसा, 3 पीजीआई रेफर
शिमला से मनाली जा रहे थे पर्यटक
भास्कर न्यूज | बिलासपुर
शिमला-धर्मशाला नेशनल हाईवे पर घागस के साथ लगते मंगरोट में शनिवार सुबह गुजरात के पर्यटकों की एक तेज रफ्तार टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार 11 महिलाओं व 3 बच्चों समेत कुल 21 लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए बिलासपुर अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने की वजह से फर्स्ट एड के बाद 3 घायलों को चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया। वहीं, हादसे के बाद बस ड्राइवर वहां से खिसक गया।
जानकारी के अनुसार गुजरात राज्य के सूरत, जूनागढ़, सावरकांठा, नवसारी व अमरेली जिलों के 38 पर्यटक हिमाचल के सैर-सपाटे पर आए थे। शनिवार को वे टूरिस्ट बस जीजे-18एजेड-4671 से शिमला से मनाली जा रहे थे। सुबह करीब सवा सात बजे घागस के साथ लगते मंगरोट में बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सुबह के समय सड़क पर ट्रैफिक अधिक न होने की वजह से ड्राइवर बेहद तेज रफ्तार के साथ बस चला रहा था। मंगरोट में एक तीखे मोड़ पर वह बस से नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू बस सड़क के दूसरी ओर जाकर पलट गई। इससे बस के साथ ही सड़क किनारे स्थित टीन नुमा दुकानों और वहां खड़ी दो कारों को भी नुकसान पहुंचा। बस दुर्घटनाग्रस्त होते ही वहां चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत वहां पहुंचे। उन्होंने एंबुलेंस और पुलिस को भी सूचित किया। सूचना मिलते ही विभिन्न स्थानों से 108 एंबुलेंस और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हालांकि लोगों और पुलिस के पहुंचने से पहले ही ड्राइवर वहां से खिसक गया। घागस के साथ लगते मंगरोट में टूरिस्ट बस हादसे में घायल हुए गुजरात के पर्यटकों को प्रशासन की ओर से कुल 30 हजार की राशि फौरी राहत के रूप में प्रदान की गई। तहसीलदार जयगोपाल शर्मा ने बताया कि मामूली रूप से घायल हुए 18 लोगों को 1-1 हजार और अधिक घायल हुए 6 लोगों को 2-2 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
स्पीड में थी बस, ड्राइवर मौके से फरार
हादसे में ये लोग हुए घायल
हादसे में टूरिस्ट बस में सवार 3 बच्चों व 11 महिलाओं समेत 21 लोग घायल हो गए। इनमें जयंतीलाल (52), उनकी धर्मप|ी गीता (50), ज्योत्सना (54), उमेश भाई (37), उनका बेटा निकुंज (11), लव (12), उसका भाई धार्मिक (6), जयस भाई (34), निकुंज रूपासरा (28), उनकी प|ी लीना (25), तुषार पटेल (36), उनके भाई भावेश पटेल (34), शोभा (37), दीपाली (21), मेबिसा (23), मीरल माकडिय़ा (26), उर्वशी (36), भाविका (28), वैशाली (35), अरविंद (57) व किशन शामिल हैं। 108 एंबुलेंसों और अन्य वाहनों के माध्यम से उन्हें तुरंत बिलासपुर अस्पताल पहुंचाया गया। इसमें स्थानीय लोगों ने भी पूरा सहयोग दिया। अस्पताल में घायलों के उपचार के लिए पहले से ही आवश्यक प्रबंध कर लिए गए थे। डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के अन्य सदस्यों ने उनका उपचार किया। फर्स्ट एड के बाद 3 घायलों को चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया।