शिमला | समाज के प्रत्येक नागरिक को उसके अधिकारों व दायित्वों के प्रति सजग करना ही विधिक साक्षरता शिविरों का उद्देश्य है। यह बात सिविल जज शिमला वत्सला चौधरी ने मशोबरा खंड की ग्राम पंचायत चायली में आयोजित कानूनी साक्षरता शिविर के अवसर पर उपस्थित ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि कानून की दृष्टि में सभी नागरिक समान हैं। उन्होंने सूचना का अधिकार अधिनियम के बारे में भी उपस्थित लोगों को विस्तृत जानकारी प्रदान की। समाज के निर्माण में महिलाओं की अहम भूमिका होती है, इसलिए महिलाओं की सुरक्षा व उत्थान के लिए कई तरह के कानून बनाए गए हैं। झगड़ा पारिवारिक हो या सामाजिक, आपसी बातचीत द्वारा इसका निपटारा कर लिया जाना चाहिए। शीघ्र व सस्ता न्याय प्राप्त करने के लिए लोगों को आपसी मामले पंचायत स्तर अथवा लोक अदालतों तथा मध्यस्थता प्रणाली के माध्यम से सुलझाने की पहल करनी चाहिए।