पति और बेटे के इलाज में असहाय हुई तिल्लू देवी को अब पंजाबी महासभा का सहारा मिला है। महासभा ने तिल्लू की मदद के लिए 51,500 रुपए की मदद की है। रविवार को महासभा के पदाधिकारियों ने उन्हें इस धनराशि का चेक सौंपा। सोलन के ओच्छघाट पंचायत के पाजो गांव की तिल्लू देवी का जवान बेटा एक साल पहले कार दुर्घटना में 100 फीसदी अपंग हो गया और डेढ़ माह पहले घर में एकमात्र कमाने वाले पति का भी एक्सिडेंट हो गया और वह आईजीएमसी शिमला में उपचाराधीन है। दैनिक भास्कर ने अपने 19 अप्रैल, 2018 के अंक में तिल्लू देवी की व्यथा को लोगों से साझा किया। इसके बाद उसकी मदद को लोग हाथ बढ़ाने लगे हैं। पंजाबी महासभा से पहले रबौण के कंवर परिवार ने पांच हजार देकर तिल्लू की मदद की थी।
पंजाबी महासभा के अमन सेठी व भरत साहनी ने बताया कि यह राशि 10 मई को ठोडो मैदान में आयोजित साईं संध्या के दौरान एकत्रित की गई है। उन्होंने बताया कि महिला की स्थिति का उन्हें मीडिया के माध्यम से पता चला था और सांई संध्या के दौरान उन्होंने महिला की सहायता के लिए विशेष दान पेटियां लगाई थीं। इसमें गुरमत प्रचारक कमेटी सोलन द्वारा भी 11 हजार रुपए की राशि भी शामिल है। सदस्यों का कहना है कि सभा भविष्य में भी तिल्लू देवी की हरसंभव सहायता करेगी। इस मौके पर अमन सेठी, भरत साहनी, मनोज साहनी, समदश सूरी, विकास मौजूद रहे।
एक साल पहले हुआ था बेटे का एक्सीडेंट: 21 मार्च, 2017 को अश्वनी खड्ड में हुए कार हादसे में तिल्लू के 19 साल के बेटा मनोज 100 फीसदी अपंग हो गया था। अपंग हो चुके बेटे की सेवा के लिए मां को डेली वेज वर्कर की नौकरी छोड़नी पड़ी।
इलाज में खर्च होंगे तीन लाख
तिल्लू देवी ने कहा कि वे मदद के लिए पंजाबी महासभा की आभारी हैं। हादसे के बाद रीढ़ की हड्डी में लगी चोट के कारण बेटे का आधा शरीर काम नहीं करता। गले में पाइप लगी है, वह बोल भी नहीं पाता और न ही बिस्तर से उठ सकता है। पीजीआई चंडीगढ़ से उसका उपचार करवा रही हूं। माह में दो बार उसे पीजीआई ले जाना पड़ता है और उसका 10 हजार रुपए प्रतिमाह का खर्चा है। अब घर में एकमात्र कमाने वाला पति भी दुर्घटना के चलते आईजीएमसी में उपचाराधीन है। तिल्लू देवी ने बताया कि बेटे के ऑप्रेशन पर करीब तीन लाख रुपए खर्च होगा।