- Hindi News
- National
- पार्षदों की मुंबई जाने वाली टीम में नहीं आया नाम तो भी पार्षद अारती चौहान अपने ही खर्च पर इस टीम के साथ जाने को तैयार
पार्षदों की मुंबई जाने वाली टीम में नहीं आया नाम तो भी पार्षद अारती चौहान अपने ही खर्च पर इस टीम के साथ जाने को तैयार
नगर निगम के पार्षदों का एक और दौरा का कार्यक्रम और रूट मैप तैयार है। पिछली मर्तबा पार्षदों के केरल दौरे में पहले जाने के लिए आखिरी दिन तक ड्रामा चला। अब इस बार नगर निगम और अफसरों की टीम मुंबई में जनता पर लगाए गए टैक्स और ढांचे का पता लगाने जा रही है। लेकिन इस टीम में एक पार्षद का नाम नहीं आया तो वो पार्षद अब अपने खर्च पर मुंबई जाने के लिए अड़ गई हैं। इन पार्षद का नाम इस बार के मुंबई टुअर की सूची में नाम नहीं आया तो तो उन्होंने अपने खर्चे पर जाने की तैयारी शुरू कर दी है। दरअसल नगर निगम ने शहर में प्रॉपर्टी टैक्स की दरों को नए सिरे से तय करने के लिए एक कमेटी का गठन किया गया था। तय हुआ कि इस कमेटी को दूसरे शहरों में टैक्स प्रणाली की जानकारी लेने के लिए के लिए एक्सपोजर विजिट पर भेजा जाएगा। इस संबंध में सरकार को भी नगर निगम प्रशासन की ओर से प्रस्ताव भेजा गया है। हालांकि अभी तक सरकार से इस टूअर पर जाने की अनुमति तो नहीं मिली है। लेकिन एक पार्षद ने अपने स्तर पर टूअर पर जाने की तैयारियां कर रखी है। पार्षद खुलकर कह रही है कि वे टूअर पर अपने खर्चे पर जाएंगी। इस दौरे को लेकर सरकार ने नगर निगम से फाइनेंस कमेटी के सदस्यों का नाम और इस टुअर पर आने वाले खर्चे का ब्योरा भी मांगा है।
दौरे के लिए बनी लिस्ट नाम हटाए जाने पर हाउस में भी सवाल उठा चुकी हैं पार्षद, अब जाने को अड़ी हैं पार्षद
सदन में भी हो चुका है हंगामा प्रॉपर्टी टैक्स की दरों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव सदन में आने के बाद नगर निगम के पार्षदों ने जमकर हंगामा किया था। सदन में फैसला लिया गया था कि दरों को तय करने से पहले एक कमेटी गठित करके दूसरे शहरी निकायों में टैक्स प्रणाली का पता लगाकर नई दरें तय करेगी। तभी एक कमेटी का गठन किया गया। उस कमेटी में आरती चौहान ने अपना नाम न होने पर हाउस में ही सवाल खड़े किए थे। उन्होंने हाउस में नाम हटाए जाने पर सवाल उठाया कि पहले लिस्ट में नाम शामिल करने पर बाद में क्यों काटा गया। उन्होंने इस कमेटी में उनका नाम हटाने के पीछे कारण के बारे में भी सदन से जानकारी मांगी थी।
ये जाएंगे टुअर पर प्रॉपर्टी टैक्स के बारे में जानकारी लेने के लिए मेयर सहित दस लोगों का जाना तय है। इसमें फाइनेंस कमेटी के पांच सदस्य जिसमें मेयर कुसुम सदरेट, आनंद कौशल, तनुजा चौधरी, सत्या कौंडल और संजय परमार शामिल हैं। असेसमेंट कमेटी से दो सदस्य सुषमा कुठियाला और विवेक शर्मा भी दौरे में जाएंगे। प्रॉपर्टी टैक्स कमेटी के सदस्य शैलेंद्र चौहान, राकेश चौहान, किमी सूद और संजीव ठाकुर के नाम शामिल हैं। टीम में प्रॉपर्टी टैक्स शाखा के अधिकारी भी जाएंगे।
केरल के बाद अब ये टुअर भी विवादों में इससे पहले निगम प्रशासन की ओर से फरवरी माह में केरल का दौरा किया गया था और इस दौरे को लेकर जमकर विवाद हुआ था। टूअर पर जाने वाले पार्षदों की सूची में नाम न होने को लेकर कई पार्षदों ने विरोध किया था। इतना ही नहीं यह विवाद सचिवालय तक पहुंच गया था। सचिवालय और मुख्यमंत्री कार्यालय के दखल और टूअर को दो किश्तों में करवाए जाने के बाद विवाद थमा था। हालांकि अभी तक दूसरा दौरान नहीं हुआ है जिसको लेकर कुछ पार्षदों में अभी तक रोष है।