- Hindi News
- National
- सुराला से मल्याणा ढली होते हुए शिमला आने वाली सरकारी बस रास्ते में कहीं नहीं रुकती
सुराला से मल्याणा ढली होते हुए शिमला आने वाली सरकारी बस रास्ते में कहीं नहीं रुकती
सुराला से मल्याणा, ढली से बायपास होते हुए शिमला आने वाली एचआरटीसी की बस रास्ते में कहीं भी नहीं रुकती है। जिससे बायपास चलौंठी से शिमला आने वाली नौकरी पेशा लोगों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह चलौंठी और बायपास के पास सुबह नौ बजे से साढ़े नौ बजे तक सुराला बस का इंतजार करते हैं। लेकिन यह सरकारी बस न तो चलौंठी स्टॉपेज में रुकती है न ही बायपास स्टॉपेज में रुकती है जिस कारण सवारियों को परेशानी आ रही है।
वहीं स्थानीय निवासी जगदीश, गुलाब सिंह, हंसराज, हेमप्रकाश, जीतराम, दुनीचंद व अन्य लोगों का कहना है कि कई बार एचआरटीसी प्रबंधन से इस बारे में ड्राइवर की मनमानी की शिकायत कर चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं कर रहा है। लोगों ने आरोप लगाया है कि एचआरटीसी का बस ड्राइवर बस को सड़क पर खाली दौड़ाता है लेकिन स्टापेज पर नहीं रोकता है। राजधानी शिमला की बात करें तो रोज सड़कों पर एचआरटीसी की बसें खाली दौड़ रही हैं। वह किसी भी स्टापेज में पांच मिनट तक रुकना मुनासिब नहीं समझती है। यही कारण है कि एचआरटीसी की सरकारी बसें घाटे में चल रही हंै। वहीं अगर प्राइवेट बसों की बात करें तो यहां जब तक सवारियों को भेड़ बकरियों की तरह ठूंस ठूंस कर न भर लें तब तक उन्हें रास नहीं आता। जबकि एचआरटीसी प्रबंधन का इस पर कोई चेक नहीं है।
बस न मिलने पर पैदल पहुंचना पड़ता है संजौली
वहीं बायपास संजौली आने वाले नौकरी पेशा लोगों को जब सुराला में बस नहीं मिलती तो पैदल चढ़ाई चढ़कर संजौली तक पहुंचना पड़ता है। जिससे परेशानी आती है। इसके बाद संजौली से बस लेते हैं। दफ्तर पहुंचने में लेट हो जाते हैं।