पूर्व अध्यक्ष ने विधायकों की तर्ज पर बांट दिया बैंक का फंड
महिला से लेकर युवक मंडलों के कार्यक्रमों में की पैसा देने की घोषणा
भास्कर न्यूज| शिमला
कांगड़ा सेंटर कोआपरेटिव बैंक की वित्तीय गड़बड़ी मामले में एक एक कर परतें खुलती जा रही हैं। अब खुलासा हुआ है कि पूर्व अध्यक्ष ने बैंक के फंड को विधायकों की तर्ज पर बांट दिया। स्थानीय तौर पर महिला, युवक मंडल से लेकर स्कूलों आैर संस्थानों के कार्यक्रमों में पैसा देने की घोषणा है। बैंक के पूर्व चेयरमैन ने वित्तीय वर्ष 2014 -15 में 50 स्थानों पर कार्यक्रम में घोषणा के बाद 3 लाख 82 हजार आैर वित्तीय वर्ष 2015- 16 3,51,700 आैर 2016-17 में नवंबर तक ही 35 स्थानों पर 2 लाख 45 हजार की घोषणाएं की है। तीन सालों में दस लाख की राशि घोषणा कर दी थी। कुश्ती, स्कूल के कार्यक्रम, महिला मंडल या युवक मंडल के कार्यक्रम के दौरान यह फंड देने की घोषणा तत्कालीन बैंक के अध्यक्ष जगदीश सिपहिया ने की है। जयराम सरकार ने बजट सत्र के दौरान कांगड़ा बैंक के पूर्व अध्यक्ष के खिलाफ बिना मंजूरी के विदेश दौरे के मामले में जांच करने के आदेश जारी किए थे। अब इस नए मामले के सामने आने के बाद समय के साथ जांच का दायरा बढ़ने की उम्मीद है। इससे पहले राज्य सरकार ने विदेश दौरे आैर वाहनों की खरीद पर जांच की बात कही थी। बजट सत्र के खत्म होने के बाद ही राज्य सरकार ने बैंक के निदेशक मंडल को भंग कर दिया था।