शिमला| प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने एआईसीसी के आह्वान पर कर्नाटक मामले को लेकर केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। शिमला सहित पूरे राज्य में जिला स्तर पर लोकतंत्र बचाओ दिवस मनाया गया। कांग्रेस ने सड़कों पर उतरकर मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और धरने दिए। शिमला में पार्टी मुख्यालय राजीव भवन के बाहर प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अगुवाई में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने राज्यपाल के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजे ज्ञापन में लोकतंत्र व संविधान को बचाने की मांग की गई है।
यह सरासर अन्याय और लोकतंत्र की हत्या: सुक्खू
कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू ने कहा कि हाल ही में संपन्न कर्नाटक विधानसभा चुनाव में त्रिशंकु विधानसभा बनी है। चुनाव के तत्काल बाद भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस व जेडीएस ने गठबंधन कर राज्यपाल कर्नाटक के समक्ष दोनों दलों के विधायकों की सूची सहित सरकार बनाने का दावा पेश किया। गठबंधन के पास बहुमत से ज्यादा का आंकड़ा था, बावजूद इसके राज्यपाल ने भाजपा को बहुमत न होने के बावजूद सरकार बनाने के लिए बुला लिया। यहां तक कि वीरवार सुबह मुख्यमंत्री को शपथ भी दिला दी गई। यह सरासर अन्याय और लोकतंत्र की हत्या है।
घटना से पूरा देश हुआ शर्मसार: कांग्रेस विधायक दल के अध्यक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राज्यों में राज्यपाल ही लोकतंत्र के गार्जियन हैं, उनसे किसी दल विशेष के प्रभाव में काम करने की उम्मीद नहीं की जा सकती। इसलिए राष्ट्रपति से निवेदन किया गया है कि लोकतंत्र को बचाए रखने के लिए पूरे मामले में हस्तक्षेप करें।