विधायक मोहन लाल ब्राक्टा से मिले लाेग, पानी की समस्या रखी
शिमला | रोहड़ू के विधायक मोहन लाल ब्राक्टा को तंदाली गांव के लोगों ने पानी की समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा है। रविवार को वे देवता दौंहलू मंदिर परिसर में पहुंचे थे। गांव के लोगों का कहना है कि वे पिछले काफी समय से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे में अब उनके लिए अलग से पानी की लिफ्ट का प्रावधान होना चाहिए। इस दौरान करासा पंचायत के पूर्व प्रधान हरदयाल टेगटा ने कहा कि तंदाली गांव के लोग करीब तीन किलोमीटर दूर नदी से पानी लाते हैं। ऐसे में पीने के पानी के लिए लोग तरस रहे हैं। इसका स्थाई समाधान होना चाहिए। इस पर विधायक ने मांगों को पूरा करने का आश्वासन देते हुए कहा कि गांव के लिए अलग से लिफ्ट का प्रावधान किया जाएगा। मंदिर कमेटी देवता दौंहलू के मोहतमीन कृष्णलाल कमटा ने भी मंदिर के पुर्ननिर्माण के लिए विधायक से सहयोग की अपील की। इस अवसर पर महिला मंडल की पदाधिकारी भी मौजूद रही।