राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के दौरे के लिए सरकार सुरक्षा प्रबंधों में जुट गई है। वीरवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अफसरों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने अफसरों को कड़े सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति की सुरक्षा में कोई चूक न हो, यह हर अफसर जिम्मेदारी लें।
राष्ट्रपति कोविंद 20 से 24 मई तक शिमला प्रवास पर आ रहे हैं। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिए कि दौरे के दौरान शहर में यातायात सुचारू रखने के पहले की इंतजाम कर लें। उन्होंने अफसरों को सड़कों के साथ-साथ हेलिपैड के उचित देखभाल के भी निर्देश दिए। बैठक में मुख्य सचिव विनीत चौधरी, एसीएस गृह एवं विजिलेंस बीके अग्रवाल, एसीएस मनीषा नंदा, डीजीपी एसआर मरडी, डीसी अमित कश्यप, एमसी कमिश्नर रोहित जम्वाल, एसपी उमापति जमवाल, निदेशक आईपीआर अनुपम कश्यप, जीएडी के विशेष सचिव सुनील शर्मा मौजूद रहे।
शिमला प्रवास के दौरान राष्ट्रपति कोविंद एक दिन पीटरहॉफ भी जाएंगे। यहां वे एक कार्यक्रम में शरीक होंगे। रिट्रीट छराबड़ा से निकलने के बाद राष्ट्रपति का काफिला ढली, संजौली, राजभवन, मालरोड, कनेडी चौक होते हुए पीटरहॉफ पहुंचेगा। राष्ट्रपति के छराबड़ा से पीटरहाॅफ के लिए निकलने के करीब आधे घंटे पहले छराबड़ा से लेकर नवबहार के बीच ट्रैफिक पूरी तरह से रोक लिया जाएगा। काफिला रिट्रीट से राजभवन रोड पर पहुंचने के बाद ही दोनों ओर से वाहन छोड़े जाएंगे। इन प्वाइंटस पर ट्रैफिक के लिए अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। ताकि वाहन काफिले के दौरान अंदर से घुस न पाए। एसपी शिमला की ओर से ट्रैफिक को लेकर जवानों को अलग से निर्देश दिए गए हैं।
राष्ट्रपति दौरे की व्यवस्था
राष्ट्रपति के पीटरहाॅफ के लिए निकलने के करीब आधे घंटे पहले छराबड़ा से नवबहार तक ट्रैफिक रहेगा पूरी तरह बंद
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सीएम ने अफसरों के साथ की बैठक।
मुख्य क्रॉसिंग प्वाइंट्स पर लगाए जा सकते हैं बैरिकेड्स
इस रूट पर मुख्य क्रॉसिंग प्वाइंट्स पर बैरिकेड्स लगाने की तैयारी है। खास तौर पर मालरोड पर बैरिकेड्स लगाए जा सकते हैं। मालरोड में लोगों की अधिक भीड़ रहती है। बैरिकेड्स इसलिए लगाए जाएंगे, ताकि कोई व्यक्ति अचानक ही काफिले के बीच न आए। राष्ट्रपति कोविंद अनाडेल उतरेंगे या फिर कल्याणी हेलीपैड, यह अभी फाइनल नहीं है, लेकिन सरकार की ओर से दोनों की तरफ से पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।