भोपाल | विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर शाहपुरा इलाके में 400 लोगों से 7 महीने में 38 लाख की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने प|ी के साथ मिलकर सभी से 9500-9500 रुपए लिए थे। अब आरोपी फरार हो गए हैं।
बागसेवनिया निवासी कपिल रायकवार समेत कई लोगों ने शाहपुरा पुलिस को अप्रैल 2018 में आवेदन दिया था। इसमें बताया कि ई-8 शिव कुंज अरेरा कॉलोनी में जयवीर सिंह की जेके ट्रेवल्स नाम से कंपनी थी। इसमें उनकी प|ी दीपिका वर्मा और दीपा नाम की एक युवती भी काम करती थी। एक विज्ञापन देखकर वे नवंबर 2017 में उनके ऑफिस पहुंचे थे। विज्ञापनों में उन्होंने विदेश में अच्छी नौकरी दिलवाने की बात कही थी। बातों में आकर उन्होंने 9500-9500 रुपए सुरक्षा निधि के रूप में लिए थे। उन्होंने तीन-चार माह में नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया था। बाद में पता चला कि ऑफिस बंद करके तीनों फरार हो गए हैं। टीआई शाहपुरा जितेंद्र पटेल के अनुसार करीब 400 लोगों से इसी तरह रुपए लिए गए। जयवीर, दीपिका और दीपा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है।