न्याय आपके द्वार के तहत शुक्रवार को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर शिविर का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत आदर्श ढूंढ़ा में आयोजित शिविर में 53 परिवारों को उज्ज्वला योजना के तहत निशुल्क गैस कनेक्शन लक्ष्मी गैस एजेंसी बाड़मेर द्वारा उपलब्ध करवाए गए। शिविर उपखंड अधिकारी नीरज मिश्र के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में प्रवर्तन निरीक्षक जीयाराम बेनीवाल ने सुरक्षा उपायों की जानकारी देते हुए गैस चूल्हे को गैस टंकी की उंचाई से अधिक उंचाई पर स्थापित करने, उपयोग नहीं करने पर रेगुलेटर बंद करने, समय-समय पर गैस पाइप बदलने एवं रिसाव की स्थिति में झाड़ू द्वारा सफाई करने की जानकारी दी। लक्ष्मी गैस एजेंसी के प्रतिनिधि लालाराम ने शिविर के दौरान आवेदकों के गैस कनेक्शन के लिए फार्म एकत्र किए। जिन्हें केवाईसी करने के बाद गैस कनेक्शन जारी किए जाएंगे। गैस कनेक्शन प्राप्त करने वाली महिलाओं ने बताया कि यदि उज्ज्वला योजना नहीं होती तो गैस कनेक्शन प्राप्त करना उनके लिए सपना ही रह जाता। उपखंड अधिकारी बाड़मेर नीरज मिश्र ने आमजन को संबोधित करते हुए आमजन से अधिकाधिक उज्ज्वला योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए शिविरों के दौरान आवेदन करने के लिए कहा एवं गैस उपयोग में सावधानी बरतने के लिए निर्देशित किया।
हीरा की ढा़णी | राज्य सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए चलाए जा रहे न्याय आपके द्वार के तहत शुक्रवार को कानोड़ ग्राम पंचायत में शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में एसडीएम हेताराम चौहान, तहसीलदार भागीरथ विश्नोई समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी मौजूद रहे और लोगों की समस्याओं का निस्तारण किया गया। उपखंड अधिकारी हेताराम चौहान ने राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग द्वारा अटल सेवा केंद्र कानोड़ में लगाई गई ई-मित्र प्लस मशीन पर विभिन्न दस्तावेजों के प्रिंट आउट, बिजली व पानी के बिल भरने संबंधित जानकारी सूचना सहायक गुरमेल सिंह ने दी तथा युवाओं को स्वतः ई-मित्र प्लस मशीन को ऑपरेट करने के लिए प्रेरित किया। इस बीच सरपंच सवाईराम सुथार ने लोगों का पूरा सहयोग करने व ग्राम पंचायत में विकास संबंधित कार्यों की जनता को जानकारी दी। समाजसेवी संपत राजपुरोहित ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन उपलब्ध करवाए।
शिविर
न्याय आपके द्वार के तहत ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन, ग्रामीणों को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी