प्रशिक्षण के लिए 30 तक करें आवेदन
प्रशिक्षण के लिए 30 तक करें आवेदन
शिवपुरी | मध्यप्रदेश तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित कौशल विकास कार्यक्रम अंतर्गत जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को निःशुल्क प्रदान किए जाने हेतु आवेदन 30 अप्रैल तक आमंत्रित किए गए है। इच्छुक आवेदक अपना आवेदन जिला पंचायत कार्यालय खादी ग्रामोद्योग में स्वयं उपस्थित होकर अथवा ईमेल पर भी प्रस्तुत कर सकते है।जिला प्रबंधक खादी ग्रामोद्योग ने बताया कि बोर्ड द्वारा विभिन्न रोजगारोन्मुखी व्यवसायों जैसे फैशन डिजाइनिंग, रेडीमेड गारमेंट मेकिंग, लेदर गुड्स, बेकरी,फूड प्रोसेसिंग, कम्प्यूटर रिपेयरिंग, हार्डवेयर, डाट एंट्री, टेली, घरेलू उपकरण, मरम्मत, प्लम्बर, इलेक्ट्रीशियन, सोलर संयंत्र स्थापना एवं मरम्मत, फूड प्रोसेसिंग, दोना पत्तल, ट्रैक्टर मैकेनिक, टू.व्हील मरम्मत, फोर व्हील मेकेनिक, मोटर बाइंडिंग कारपेंटरी, रिटेल सेल्समेन आदि में प्रशिक्षण प्राप्त किया जा सकता है।
राष्ट्रीय युवा कॉर्प हेतु आवेदन 31 मई तक
शिवपुरी | युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रायोजित राष्ट्रीय युवा कॉर्प योजनांतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में नेहरू युवा केन्द्र की गतिविधियों के संचालन एवं केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के प्रचार.प्रसार व सफल क्रियान्वयन हेतु एनवाइवी स्वयंसेवकों का जिले के समस्त विकासखंडों में एक वर्ष की कार्य अवधि के लिए किया जाना है। इच्छुक आवेदक ऑनलाइन के लिए वेबसाइट्स पर जाकर एवं ऑफलाइन आवेदन के लिए नेहरू युवा केन्द्र कार्यालय में जमा कर सकते है। आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई रहेगी।
भटनावर फीडर पर विद्युत प्रवाह कल बंद रहेगा
शिवपुरी | 33 केवी भटनावल फीडरों पर मानसून पूर्व मेंटेनेंस का कार्य किए जाने हेतु 16 अप्रैल 2018 को सुबह 09 बजे से शाम 04 बजे तक विद्युत प्रवाह बंद रहेगा। जिससे 33-11 केवी उपकेन्द्र परिच्छा से जुड़े समस्त क्षेत्र प्रभावित रहेंगे।
भर्ती मरीजों के नेत्र ऑपरेशन 16 को
शिवपुरी | माह अप्रेल में जनपद स्तर पर नेत्र मरीजों को भर्ती किया जाकर भर्ती तिथि के एक दिन पश्चात सुभाषपुरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के भर्ती मरीजों के नेत्र ऑपरेशन16 अप्रेल को जिला चिकित्सालय शिवपुरी में किए जाएंगे।
15563 कृषकों के खातों में जमा होंगे 28 करोड़ 27 लाख 77 हजार
शिवपुरी | मप्र में किसानों ने पिछले साल जब अपनी गेहूं और धान की फसल पूरे दाम पर बेची थी तब सोचा भी नहीं होगा कि उस फसल पर अलग से लाभ मिलेगा। कृषक समृद्धि योजना के तहत 16 अप्रैल को प्रदेश के साथ-साथ शिवपुरी जिले के 15 हजार 563 पंजीकृत कृषकों के खातों में 28 करोड़ 27 लाख 77 हजार 198 रुपए की प्रोत्साहन राशि जमा होगी।
महिला टेलर का आवासीय प्रशिक्षण शुरू
शिवपुरी | भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान द्वारा आवासीय महिला टेलर सिलाई का 30 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया जा चुका है। प्रशिक्षण हेतु इच्छुक युवतियां अपना आवेदन भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार संस्थान झांसी रोड़ आईटीआई के सामने में जमा कर सकती है।आवेदन के लिए आवेदक 6 पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, राशन कार्ड, मार्कशीट, बैंक पासबुक की प्रतिलिपि अपने साथ लेकर आए। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9755609413 एवं 8602601644 पर संपर्क कर सकते है।
सड़क दुर्घटना के तीन प्रकरणों में 45 हजार रुपए की सहायता
शिवपुरी | कलेक्टर तरुण राठी ने सड़क दुर्घटना के तीन प्रकरणों में मृतकों के परिजनों को कुल 45 हजार रुपए की सहायता राशि स्वीकृत की है।महलसरांय पुरानी शिवपुरी निवासी मृतक अयूब खान पुत्र उस्मान खान, ग्राम धर्मपुरा तहसील कोलारस निवासी मृतक हल्कू पुत्र वीरा आदिवासी एवं मृतक प्रकाश पुत्र श्यामा आदिवासी की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो जाने पर तीनों मृतकों के वैध वारिसों को 15 हजार रुपए के मान से कुल 45 हजार रुपए की सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
आदतन अपराधी को थाने की निगरानी में रहने के निर्देश
शिवपुरी | कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट तरुण राठी द्वारा जारी आदेश में आदतन अपराधी संजू उर्फ संजय पुत्र रामसेवक शर्मा निवासी ग्राम भौंती जिला शिवपुरी को एक वर्ष तक की अवधि के लिये संबंधित पुलिस थाना पर प्रत्येक माह की 10 एवं 25 तारीख को उपस्थित होकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए है।
नसबंदी शिविर 16 को शिवपुरी में
शिवपुरी | जिले में पुरुष एवं महिला नसबंदी को बढ़ावा देने एवं नसबंदी ऑपरेशन की सामुदायिक आवश्यकता की प्रतिपूर्ति हेतु नसबंदी शिविरों का आयोजन जिले में जिला चिकित्सालय शिवपुरी सहित संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर किया जाएगा।जिसके तहत 16 अप्रेल सोमवार को शिवपुरी में नसबंदी शिविरों का आयोजन किया जाएगा।