पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • शिक्षक बोले हमें 28 महीने से नहीं मिला वेतन, 7 वें वेतनमान में हुआ गलत फिक्सेशन

शिक्षक बोले-हमें 28 महीने से नहीं मिला वेतन, 7 वें वेतनमान में हुआ गलत फिक्सेशन

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शिक्षकों को कार्यस्थल पर आने वाली परेशानियों और उनकी विभागीय समस्याओं के मौके पर ही निराकरण के लिए परिवेदना शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों ने अपनी शिकायतों का पंजीयन कराया। इन शिकायतों को एम शिक्षा मित्र एप पर भी अपलोड किया जाएगा और फिर जिलास्तर की शिकायत का मौके पर ही निराकरण भी होगा।

शुक्रवार को सुबह 10.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक उत्कृष्ट विद्यालय के प्रांगण में शिविर का आयोजन किया गया जिसमें किसी शिक्षक ने 28 महीने से वेतन न मिलने की शिकायत की तो किसी ने 7 वे वेतनमान में गलत फिक्सेशन की शिकायत की। इन शिकायतों के बाद इनका पंजीयन नंबर दिया गया है। जिसे एम शिक्षा मित्र पर अपलोड किया जाएगा। ताकि जिलास्तर की समस्या जिले पर संभागस्तरीय की समस्या संभाग पर प्रदेश स्तर की समस्या भोपाल से एप के जरिए निराकृत होगी।

जिला शिक्षा अधिकारी परमजीत सिंह गिल ने बताया कि शिविर में शिक्षा विभाग अधीन सभी संस्थाओं के कर्मचारी, सहायक अध्यापक, वरिष्ठ अध्यापक, सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता, प्राचार्य तथा अन्य विभागीय अमला ने अपनी समस्याओं के साथ आवेदन प्रस्तुत किए जिनका परीक्षण उपरांत निराकरण किया जाएगा। उत्कृष्ट विद्यालय की बात करें तो यहां आयोजित हुए शिविर के दौरान शिक्षकों को संकुल वाइज 5 केंद्र बनाए गए जिनमें कन्या कोर्ट रोड, शाउमावि क्रमांक 2, शाउमावि सेंवढ़ा, शाउमावि सिरसौद, शासकीय उमावि ठर्रा के केंद्र शामिल हैं।

एम शिक्षा मित्र पर दर्ज होंगी सभी शिकायतें, जिलास्तर की शिकायतें जल्द निपटेंगी

शिविर में अपनी समस्याएं दर्ज कराते जिलेभर से आए शिक्षक।

इन शिक्षकों ने भी शिविर में दर्ज कराईं अपनी समस्याएं

आरएमएसए में वरिष्ठ अध्यापक संजीव कुमार पुरोहित ने रिटर्न भरने में कटौत्रा प्राप्त न होने के साथ सेवा पुस्तिका की फोटो कॉपी न मिलने की शिकायत की।

सदर बाजार, प्राचार्य एन के जैन ने फिक्सेशन दोबारा हो यह मांग की।

सदर बाजार के सेवानिवृत शिक्षक मुन्नालाल भार्गव बोले कि उन्हें अक्टूबर से 28 महीने का वेतन नहीं मिला।

बीआरसी शिवपुरी अंगद सिंह तोमर ने अपनी शिकायत कर कहा कि एनएसडीएल यानि अंशदायी पेंशन खाते में जमा नहीं हो रही।

छावनी से सेवानिवृत -दिनेश शर्मा,मोहनी सागर में यूडीटी अरविंद श्रीवास्तव, मावि सिरसौद में यूडीटी सुरेश शर्मा, खोरघार में यूडीटी बनवारी प्रसाद शर्मा ने शिकायत कर कहा कि नियुक्ति दिनांक से वेतनमान नहीं मिल रहा है।

मावि सतनवाडा के गोविंद प्रसाद शर्मा ने कहा कि अर्जित अवकाश सर्विस बुक सुरक्षित नहीं।

मावि चंदनपुरा के हेडमास्टर राजाराम जाटव ने कहा कि उन्हें 7 वा वेतनमान गलत फिक्सेशन हुआ है उसमें सुधार हो।

वहीं प्रावि टोंका के शिक्षक राजेद्र जैन ने बताया कि वह पिछले 4 माह से वेतन के लिए परेशान हैं।

इन आवेदनों पर नहीं हुई सुनवाई

उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित हुए इस शिविर के दौरान विभाग ने निर्देंश जारी किए थे कि वह जो निर्धारित बिंदु है उन्हीं पर सुनवाई करेगा । इस सुनवाई के दौरान यदि स्थानांतरण आवेदन, नीतिगत निर्णय संबंधी आवेदन, मांग और सुझाव संबंधी आवेदन आते है तो न तो वह दर्ज किए जाएंगे और न ही इन आवेदनों को कमेटी द्वारा लिया जाएगा।

इन चार स्तर पर होगा शिकायतों का निराकरण

शिविर के नोडल अधिकारी विनय बोहरे ने बताया कि शिकायत का चार स्तर पर निराकरण किया जाएगा। जिसमें विकासखण्ड, जिलास्तर, संभाग और राज्यस्तर शामिल हैं। जहां तक जिलास्तर के शिविरों की बात है तो विकासखंड स्तर पर प्रारुप 3 में यह दर्ज होंगी। इनके आवेदन को स्केन कर फोल्डर बनाया जाएगा और 25 से 28 मई के बीच डीईओ निराकरण करेंगे।

शिकायतों का निराकरण करेंगे

शिक्षकों की समस्या निराकरण के लिए यह विभाग की अच्छी पहल है इसमें शिक्षकों और संबंधितों की शिकायतों का निराकरण हर स्तर पर हो सकेगा। जिले भर के विकासखंडों में इन शिविरों को लगाया गया और शिक्षकों की शिकायतें ली गई। परमजीत सिंह गिल, जिला शिक्षा अधिकारी, शिवपुरी

खबरें और भी हैं...