आज मनाया जाएगा भगवान परशुराम जन्मोत्सव
आज मनाया जाएगा भगवान परशुराम जन्मोत्सव
शिवपुरी | भगवान श्री परशुराम का जन्मोत्सव सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा भृगु भवन फिजीकल रोड़ पर पूजा अर्चना कर 18 अप्रेल को मनाया जाएगा। इस दौरान चालीसा पाठ के बाद उनकी महाआरती की जाएगी। तदुपरांत प्रसाद का वितरण किया जाएगा।सर्व ब्राह्मण समाज के प्रदेश संयोजक पं रामजी व्यास ने बताया कि बुधवार को सुबह साढ़े 8 बजे दीप प्रज्ज्वलन, ध्वजारोहण और मंगलाचरण से होगी। भगवान परशुराम के जीवन पर प्रकाश डाला जाएगा।
कुमार विश्वास का कार्यक्रम 23 को
शिवपुरी | जिले के झांसी करैरा फोर लेन पर थनरा स्थित पी के यूनिवर्सिटी में 23अप्रेल सोमवार को रात 9से12 बजे तक एक शाम कुमार विश्वास के नाम का आयोजन किया जा रहा है जिसमे शिवपुरी के साथ-साथ प्रदेश,उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों से भी लोग एवं छात्र,छात्राएं शिरकत करेंगे।
भर्ती मरीजों के नेत्र ऑपरेशन आज
शिवपुरी। माह अप्रेल में जनपद स्तर पर नेत्र मरीजों को भर्ती किया जाकर भर्ती तिथि के एक दिन पश्चात सतनबाड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के भर्ती मरीजों के नेत्र ऑपरेशन19 अप्रेल को जिला चिकित्सालय शिवपुरी में किए जाएंगे।
नसबंदी शिविर आज शिवपुरी में
शिवपुरी।जिले में पुरुष एवं महिला नसबंदी को बढ़ावा देने एवं नसबंदी ऑपरेशन की सामुदायिक आवश्यकता की प्रतिपूर्ति हेतु नसबंदी शिविरों का आयोजन जिले में जिला चिकित्सालय शिवपुरी सहित संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर किया जाएगा।जिसके तहत 19 अप्रेल बुधवार को शिवपुरी में नसबंदी शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
प्रमुख मार्गों से निकली कलश यात्रा
दिनारा | दिनारा से 15 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम छीतीपुरा में बने हनुमान मंदिर पर अक्षय तृतीया पर 18 अप्रैल को सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन होने जा रहा है इस दौरान मंगलवार को कलश यात्रा नगर के मुख्य मार्गों से निकाली गई जो शंकर जी के मंदिर होती हुई बस स्टैंड से नदी के पास बने हनुमान मंदिर पहुंची जहां पर 2 दिन गायत्री महापुराण की कथा होगी। खास बात यह रही कि इस कलश यात्रा में बेटियां नशा न करने के संकल्प की पट्टियां लेकर चलीं। 18 अप्रैल बुधवार को सर्वजातीय सामूहिक विवाह का आयोजन होगा ।बारात सुबह 9 बजे कुचलौन से घोड़ों के साथ हनुमान मंदिर पहुंचेगी जहां रीति रिवाज से सभी के विवाह संपन्न कराए जाएंगे।आयोजन कर्ता अनारी सरपंच कुचलौन, कालीचरण लोधी छीतीपुरा, समरथ सिंह लोधी पूर्व सरपंच, वीर सिंह मेहते शिक्षक, कपूर लोधी, कुलदीप लोधी, रामनिवास सरपंच छीतीपुरा, रानू राजपूत आदि शामिल हैं।
तात्याटोपे के बलिदान दिवस पर तीन दिवसीय शहीद मेला आज से
शिवपुरी |1857 मुक्ति संग्राम के प्रखर योद्धा अमर शहीद तात्याटोपे के बलिदान दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय तात्याटोपे शहीद मेला 18 अप्रैल से 20 अप्रैल तक तात्याटोपे समाधि स्थल प्रांगण में आयोजित होगा। 18 अप्रैल को प्रातः 9 बजे तात्याटोपे शहीद मेले का शुभारंभ, ध्वजारोहण, श्रृद्धांजलि सभा एवं प्रदर्शनी के कार्यक्रम आयोजित किए जाएगे। कलेक्टर तरुण राठी ने बताया कि जिला प्रशासन शिवपुरी के सहयोग से स्वराज संस्थान संचालनालय मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय तात्याटोपे शहीद मेले के शुभारंभ उपरांत 18 अप्रैल को शाम 7 बजे भोपाल से आनंद मिश्रा एवं उनके दल के सदस्यों द्वारा नाटक तात्याटोपे का मंचन किया जाएगा। 19 अप्रैल को शाम 7 बजे से भोपाल के संजय मेहता एवं दल के सदस्यों द्वारा नाटक टंट्या भील का मंचन किया जाएगा। मेले में 20 अप्रैल को शाम 7 बजे से नागपुर की सुश्री प्रियंका के निदेशिका में झलकारी नाटक का मंचन होगा।