जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों पर स्वरोजगार सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। इन सम्मेलनों में विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के तहत लाभान्वित सफल उद्यमियों एवं हितग्राहियों के अनुभवों से भी लोगों को अवगत कराया जाएगा। उक्त आशय की जानकारी कलेक्टर तरुण राठी ने शासन की मंशा अनुरूप विकासखंड स्तरों पर आयोजित होने वाले स्वरोजगार सम्मेलनों की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में आयोजित बैठक में दी।
इन सम्मेलनों में मुख्य रूप से मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजना एवं मुख्यमंत्री कृषक उद्यमी योजना, मुद्रा तथा स्टैंडअप जैसी अन्य स्वरोजगार योजनाओं के तहत बैंको के माध्यम से संचालित योजनाओं की जानकारी प्रदाय कर उनके प्रकरण तैयार कर लाभांवित करना है। उन्होंने बताया कि खण्डस्तरीय स्वरोजगार सम्मेलनों में प्राप्त आवेदनों के स्वीकृति पत्र जिला स्तरीय सम्मेलनों में प्रदाय किए जाएंगे । केन्द्र एवं राज्य सरकार की सभी स्वरोजगार मूलक योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
बैठक में यह थे मौजूद
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश जैन, अपर कलेक्टर अनुज रोहतगी, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंध एल एन श्रीवास्तव, अग्रणी जिला प्रबंधक शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे। जनपद स्तर पर आयोजित सम्मेलनों में स्वरोजगार योजनाएं संचालित करने वाले विभिन्न विभागों के साथ-साथ वित्तीय संस्थान, हितग्राही प्रशिक्षण उद्यमिता केन्द्र आदि विभागों के अधिकारीगण भी उपस्थित रहेंगे।