घाटी चढ़ते समय ब्रेक फेल होने से मिनी ट्रक पलटा, चार की मौत, 32 घायल
मुरैना से गेहूं कटाई का काम कर परिवार के साथ लौट रहे थे मजदूर
भास्कर संवाददाता | शिवपुरी
पोहरी थाना क्षेत्र के पिपरघार घाटी में बुधवार सुबह 5.30 बजे मुरैना के जौरा से गेहूं की फसल काटकर लौट रहे आदिवासी मजदूरों से भरा एक मिनी ट्रक पलट गया। इसमें सवार एक महिला और दो बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकी एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना में 10 मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई। जबकि 22 अन्य मजदूर भी घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि घाटी चढ़ते समय ब्रेक फेल होने से यह हादसा हुआ।
ट्रक चालक शिवचरण आदिवासी ने बताया कि बुधवार की सुबह 5:30 बज रहे थे। जैसे ही आयशर गाड़ी पिपरघार की घाटी पर पहुंची तो उसके ब्रेक फेल हो गए। ट्रक में सभी मजदूर और उनके परिवार सवार थे। ये सभी मुरैना के जौरा में गेहूं काटने गए थे। आयशर में गेहूं भी भरा था। इस हादसे में एक महिला झींगो प|ी तोरन आदिवासी और 12 वर्षीय अंजना पुत्री मोहन सिंह आदिवासी और दो साल की रतिया पुत्री राजकुमार आदिवासी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना में घायल 32 लोगों को पहले इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पोहरी लाया गया। जहां करीब 2 दर्जन लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल शिवपुरी रैफर किया गया। घायलों में 10 की हालत गंभीर बताई जाती है। इसके बाद जिला अस्पताल में इलाज के दौरान श्रीपत आदिवासी उम्र 43 वर्ष ने भी दम तोड़ दिया। घायलों से मिलने मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया जिला अस्पताल पहुंची।