पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • चार महीने बाद भी चिलावद पंचायत में शुरू नहीं हुआ नलजल योजना का काम

चार महीने बाद भी चिलावद पंचायत में शुरू नहीं हुआ नलजल योजना का काम

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पानी भरकर लाते हुए ग्रामीण।

चार माह पहले स्वीकृत हुई थी नलजल योजना

ग्राम पंचायत में चार-पांच माह पहले स्वीकृत हुई लाखों रुपए की लागत से नलजल योजना के तहत पंचायत में 3 नलकूप खनन भी हो चुके हैं। लेकिन उनमें मोटर अभी तक नहीं डल सकी है। वहीं ग्रामीणों को 24 घंटे पानी उपलब्ध कराने के लिए बनाई जाने वाली भी टंकियां नहीं बन सकी हैं। इसके अलावा गांव में लगे हैंडपंप भी दम तोड़ने लगे हैं। जिससे गांवों में पेयजल संकट गहराया है।

अधिकांश हैंडपंप बंद, शेष ने पानी देना किया कम

पंचायत के दोनों गांवों में लगे 6 हैंडपंपों में से 3 हैंडपंप खराब पड़े हुए हैं। वहीं शेष बचे 3 हैंडपंपों ने वाटर लेवल नीचे चले जाने से पानी देना कम कर दिया है। जिससे ग्रामीणों को पीने का पानी सहित अपने मवेशियों को पानी पिलाने के लिए दूर दराज के निजी बोरों सहित आस-पास के गांवों से पानी लाना पड़ रहा है। ग्रामीणों को कहना है कि जल्द ही पंचायत में संबंधित विभाग सहित पंचायत के जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया तो गांव में और भी ज्यादा संकट पैदा हो जाएगा।

एक किमी दूर से ला रहे हैं पानी

दो गांवों से मिलकर बनी ग्राम पंचायत चिलावद व शंकरपुर में नलजल योजना के तहत हुए बोरों में मोटर नहीं डलने व हैंडपंप खराब होने से ग्रामीण 1 किमी दूर स्थित निजी बोरों व कुओं से पानी ला रहे हैं। ग्रामीण राकेश कुशवाह की माने तो कभी- कभी तो लाइट नहीं आने पर पास में स्थित ग्राम तेंदुआ से पानी लाना पड़ता है। स्थिति यह है कि ग्रामीण दिन भर पानी के लिए ही लगे रहते हैं। तब जाकर कहीं पानी की व्यवस्था हो पाती है।

अफसरों से शिकायत कर चुका हूं

चिलावद पंचायत सचिव लक्ष्मण सिंह धाकड़ का कहना है कि पंचायत में 4 माह पहले स्वीकृत हुई नलजल योजना के बोरों में अभी तक मोटरें नहीं डल सकी हैं। जिस संबंध में मैं नवागत सीईओ सहित पीएचई के अधिकारियों से शिकायत कर चुका हूं इसके बाद भी अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। जिसके चलते पंचायत में पेयजल समस्या बनी हुई है।

मुझे इसकी जानकारी नहीं है

पंचायत में पानी की समस्या बनी हुई है, इस संबंध में मुझे अब तक कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर कुछ ऐसा है तो इस समस्या को दूर करने के लिए प्रयास किए जाएंगे। -एआर प्रजापति, एसडीएम कोलारस

खबरें और भी हैं...