पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • निर्देश टैंकरों पर लिखें 300 में देंगे पानी हकीकत अभी भी बिक रहा 500 में टैंकर

निर्देश- टैंकरों पर लिखें 300 में देंगे पानी हकीकत- अभी भी बिक रहा 500 में टैंकर

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
प्रशासन के निर्देश के बाद भी शहर के लोगों से अभी भी 5 हजार लीटर क्षमता वाले पानी के टैंकर के 500 से 600 रुपए टैंकर संचालक वसूल रहे हैं। टैंकर संचालकों ने पांच दिन बाद भी टैंकर के तीनों तरफ 300 रुपए दर अंकित नहीं कराई है। वहीं प्रशासन ने भी 24 घंटे में नया हाइड्रेंट बनाकर टैंकरों को 70 रुपए लेकर पानी देने की बात कही थी पर वह अब तक नया हाइड्रेंट नहीं बना सका है। ग्वालियर बायपास के हाइड्रेंट से ही पानी की सप्लाई शुरु की है। इसमें भी दो दिन पानी सप्लाई पर रोक लगा दी है।

बीती 17 मई को जिला प्रशासन ने टैंकर संचालकों की मनमानी रोकने के लिए नई व्यवस्था की शुरुआत की थी। इसमें निर्देश दिए थे कि एक टैंकर पानी के उपभोक्ता से तीन सौ रुपए से ज्यादा नहीं लिए जाएंगे। इसके अलावा टैंकर संचालक को टैंकर पर दर अंकित करनी होगी। दर अंकित होगी तभी नपा के हाइड्रेंट से टैंकर भरने दिया जाएगा। लेकिन पांच दिन बाद भी न तो नपा नया हाइड्रेंट बना सकी और न ही टैंकर संचालक अपने टैंकरों पर राशि अंकित करा रहे। इन दोनों की मनमानी का खामियाजा अब नागरिकों को टैंकर के दोगुने दाम चुकाकर भरना पड़ रहा है। कलेक्टोरेट में प्रशासन ने नगरीय प्रशासन और शहर के टैंकर संचालकों की बैठक डूडा के पीओ और डिप्टी कलेक्टर संजीव जैन ने ली थी। उन्होंने टैंकर संचालकों से कहा था कि पानी पर सबका अधिकार है। आप पानी का व्यापार करते हैं, यह तो ठीक है, लेकिन आपकी भावना यह होनी चाहिए कि लोगों को पेयजल भी मिल जाए और आपकी आवश्यकता की पूर्ति भी होती रहे। पर अनावश्यक दोगुने दामों में टैंकर बेचने की शिकायतें आपकी मिल रही है। इसलिए यह बैठक आयोजित की है।

मीटिंग में जो बिंदु हुए तय, इन पर अमल ही नहीं

नपा के हाइड्रेंट से पानी भरा जाएगा। इसमें ग्वालियर बायपास से लेकर पुलिस कंट्रोल रूम के बीच एक नया हाइड्रेंट बनेगा जिस पर 70 रुपए प्रति टैंकर से नपा कीमत वसूलेगी और बदले में वह पांच हजार लीटर पानी देगी।

कार्रवाई - हाईड्रेंट अब तक नहीं बना। बायपास से ही पानी सप्लाई बड़े टैंकरों के साथ हो रही।

सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक पानी की सप्लाई मड़ीखेड़ा लाइन से आने वाले पानी से हाइड्रेंट के जरिए होगी।

कार्रवाई-सिर्फ 5 दिन में दो दिन पानी मिला,वह भी 6 घंटे,जिसे अब दो दिन के लिए रोक दिया गया है।

3 हजार लीटर क्षमता वाले टैंकर से नपा 50 रुपए लेगी और 5 हजार तक क्षमता वाले टैंकर नपा 70 रुपए में भरेगी। इसके एवज में निजी टैंकर संचालक 3 हजार लीटर क्षमता वाले टैंकर को 250 रुपए में और 5 हजार क्षमता वाले टैंकर को 300 रुपए से अधिक दाम में नहीं बेचेंगे।

कार्रवाई- टैंकर आज भी 500 से 600 रुपए में टैंकर संचालक बेच रहे।

अधिक कीमत में टैंकर बेचते मिले तो टैंकर संचालकों पर कार्रवाई होगी।

कार्रवाई -टैंकर संचालकों पर कोई कार्रवाई अब तक नहीं की गई, जबकि बिना रेट लिखे टैंकरों को पानी नपा दे रही है।

नया हाइड्रेंट बन जाएगा तो टैंकरों पर दर अंकित कर देंगे

स्थायी हाइड्रेंट बन जाता है तो हम स्थायी रुप से टैंकरों पर दर भी अंकित करा देंगे। नरेंद्र जैन भोला, संचालक जैन वाटर सप्लायर

करेंगे कार्रवाई

जिन टैंकर संचालकों द्वारा टैंकर पर दर अंकित नहीं की है, हम उनके टैंकरों के खिलाफ कार्रवाई कराएंगे। यही नहीं टैंकरों को रास्ते में रोककर उन पर दर भी अंकित कराएंगे। संजीव जैन, डिप्टी कलेक्टर, शिवपुरी

पांच सौ रु देकर मिला टैंकर

मैंने आज ही 500 रुपए में टैंकर मंगाया है। सब मनमानी है साहब, कोई नहीं सुनता। मजबूत सिंह, निवासी नबाब साहब रोड

खबरें और भी हैं...