शिवपुरी|कलेक्टर तरुण राठी का उपसचिव के पद पर भोपाल स्थानांतरण होने पर कलेक्ट्रेट कार्यालय शिवपुरी के अधिकारी एवं कर्मचारियों और जिला अधिकारियों ने भावभीनी विदाई देकर उनके उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना की। इस मौके पर नवागत कलेक्टर शिल्पा गुप्ता का स्वागत कर राठी को स्मृति चिन्ह भेंट किया।
जिलाधीश कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित विदाई समारोह में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश कुमार जैन, अपर कलेक्टर अनुज रोहतगी, डिप्टी कलेक्टर, विभिन्न विभागों के अधिकारीगण तहसीलदार सहित कर्मचारीगण आदि उपस्थित थे। तरुण राठी ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिवपुरी जिले में कलेक्टर के रूप में उनका 11 महीने 11 दिन के कार्यकाल में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन में भरपूर सहयोग दिया। उन्होंने कहा कि कोलारस विधानसभा उपचुनाव कराने में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जो दायित्व एवं कार्य सौंपा गया, उसे टीम भावना के साथ पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ पूरा किया। नवागत कलेक्टर शिल्पा गुप्ता ने तरुण राठी के सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।