पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • भूत पुलिया से दो बत्ती तक शिफ्ट होना है पाइप लाइन, नपा अभी तक सुस्त

भूत पुलिया से दो बत्ती तक शिफ्ट होना है पाइप लाइन, नपा अभी तक सुस्त

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पुराना बस स्टैंड से, छत्री, टूरिस्ट विलेज, बाणगंगा, भदैया कुंड, और करबला तक 8 करोड़ 53 लाख से बनाई जा रही है 4.21 किलोमीटर सड़क

भास्कर संवाददाता | शिवपुरी

माधवराव सिंधिया रोड को लेकर नगर पालिका की पाचनी की पाइप लाइन आड़े आ रही है। जिससे शहरी की तरफ सड़क के बड़े हिस्से का काम शुरू नहीं हो पा रहा है। यह रोड पुराना बस स्टैंड से लेकर छत्री, बाणगंगा, टूरिस्ट विलेज, भदैया कुंड और करबला तक जाता है। इस सड़क 4.21 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग की कुल लागत 8 करोड़ 53 लाख रुपए है। सड़क निर्माण से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। पर्यटकों को टूरिस्ट विलेज, छत्री, बाणगंगा और भदैया कुंड तक पहुंचने में आसानी होगी। लेकिन वर्तमान में रोड की हालत खराब है। सड़क का ठेका आरबीएम इनफ्राटेक गाजियाबाद द्वारा लिया गया है। ठेकेदार ने मार्च में टेंडर के बाद वर्क ऑर्डर जारी होते ही काम भी शुरू कर दिया है। लेकिन यह काम करबला पुल के पास से लेकर भदैया कुंड, टूरिस्ट विलेज होते हुए बाणगंगा के आते स्थित पुलिया तक किया जा रहा है। छतरी के समीप भूत पुलिया से लेकर दो बत्ती चौराहे तक नगर पालिका की तीन-तीन पाइन लाइन आड़े आ रहीं हैं। सड़क निर्माण के दौरान पाइप लाइन फूटने के डर से यहां काम शुरू नहीं हो पा रहा है। जबकि यहां सड़क पहले से बहुत खराब हालत में है। वाहन चालकों को सड़क से निकलने में बहुत परेशानी हो रही है। सीवर लाइन में पहले भी यह सड़क खुद चुकी है। अब नगर पालिका लाइन शिफ्टिंग को लेकर ध्यान नहीं दे रही है। जिससे सड़क निर्माण पर भी असर पड़ रहा है।

दस माह में पूरा होना है सड़क का निर्माण

माधवराव सिंधिया रोड का निर्माण वर्क ऑर्डर जारी करने के बाद दस महीने में पूरा करना है। मार्च 2018 में टेंडर प्रक्रिया के साथ ही वर्क ऑर्डर जारी किया जा चुका है। ठेकेदार ने काम भी चालू कर दिया है। दो महीने से अधिक समय बीत चुका है। नगर पालिका पानी की पाइप लाइन को जल्द शिफ्ट कर देती है तो सड़क निर्माण में जल्द पूरा हो सकेगा। पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी भी सड़क निर्माण को पूरा कराने के लिए नगर पालिका और पीएचई अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं।

पाइप लाइन फूटी तो होगी परेशानी

जलावर्धन योजना के तहत नई पाइप लाइन भी बिछा दी गई है। इस पाइप लाइन को भी शिफ्ट करना है। इसके अलावा बाणगंगा फिल्टर से शहर की तरफ पुरानी पाइप लाइन से सप्लाई जारी है। यदि रोड का काम शुरू हुआ तो पाइप लाइन फूट जाएगी। जिससे शहर के कुछ हिस्से में सप्लाई ठप हो सकती है। वर्तमान में पानी की भीषण संकट के दौर में लोगों की समस्या को ध्यान में हुए फिलहाल सड़क का काम शुरू नहीं किया जा सका है। वहीं बाणगंगा फिल्टर प्लांट तक जलावर्धन योजना की एक और अन्य लाइन डलना है। कुल मिलाकर नगर पालिका यदि कार्य में तेजी लाएगी, तभी सड़क का काम पूरा हा़े पाएगा। दो बत्ती से लेकर भूत पुलिया तक काफी आवास बने हुए हैं। यहां रहने वाले लोगों के अलावा पर्यटन स्थलों पर जाने वाले सैलानियों को इन दिनों परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के गड्ढों की वजह से लोग बाइक से फिसलकर चोटिल हो जाते हैं। इसके अलावा सड़क की धूल से भी लोगों को परेशानी हो रही है। घरों में धूल से लोगों का रहना मुश्किल है। सड़क निर्माण के लिए लोग लंबे समय से मांग करते आ रहे हैं।

सड़क निर्माण शुरू कराने जल्द दूर कराएंगे समस्या

भूत पुलिया से दो बत्ती तक एक पाइप लाइन को शिफ्ट करने की जरूरत है। दूसरी पाइप लाइन को हटाने की आवश्यकता नहीं है। इस संबंध में सहायक यंत्री से पूछकर जानकारी लेता हूं। सड़क निर्माण शुरू कराने पानी की पाइप लाइन की समस्या जल्द दूर की जाएगी। मुन्नालाल कुशवाह, अध्यक्ष, नगर पालिका शिवपुरी

भूत पुलिया से कर्बला तक नगर पालिका की तीन पाइप लाइन सड़क के नीचे आ रहीं हैं। इसलिए इस बीच सड़क का काम शुरू नहीं करा पाए हैं। हालांकि करबला से बाणगंगा के पास तक सड़क का काम चालू है। पीएचई और नगर पालिका यदि जल्द ही पाइप लाइन शिफ्ट करती है तो शेष छूट क्षेत्र में भी सड़क का काम शुरू करा देंगे। दीपक जैन, सब इंजीनियर, पीडब्ल्यूडी शिवपुरी

खबरें और भी हैं...