रिझारी की रवानगी, बिंदल का कद घटा
जिला संगठन मंत्री से जिला उपाध्यक्ष का हुआ था विवाद
भास्कर संवाददाता|शिवपुरी
जिला संगठन मंत्री से हुए विवाद के बाद भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामस्वरूप रिझारी को पद से हटाने की कार्रवाई जिला अध्यक्ष ने की है। इनके साथ साथ पार्टी के कोषाध्यक्ष रामेश्वर बिंदल को कोषाध्यक्ष से मंत्री बना दिया है वहीं भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रभारी दिलीप मुदगल को पार्टी का कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
भाजपा के जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी की माने तो उन्होंने जिला उपाध्यक्ष पद से हटाने की कार्रवाई प्रदेश संगठन से मिले दिशा निर्देश के बाद की है। अब से कुछ दिनों पहले रघुवंशी के परिजन के निधन पर आयोजित हुई तेरहवीं कार्यक्रम में जिला संगठन मंत्री देवेंद्र भार्गव और जिला उपाध्यक्ष राम स्वरूप रिझारी के बीच नोंक-झोंक हो गई थी और तभी से माना जा रहा था कि अब बदलाव तय है और अंतत: जिलाध्यक्ष ने राम स्वरूप रिझारी को पदमुक्त कर दिया। वहीं पार्टी के कोषाध्यक्ष रामेश्वर बिंदल को भी पद से हटाकर उन्हें मंत्री बनाया गया है। जिलाध्यक्ष का कहना है कि वह कोषाध्यक्ष पद के लिए समय कम दे पा रहे थे इसलिए यह बदलाव किया है। उन्हें जिला मंत्री बनाया गया है। इसके साथ-साथ भाजपा के आर्थिक प्रकोष्ठ के पदाधिकारी दिलीप मुदगल को प्रमोट करते हुए उन्हें संगठन के कोषाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी दी गई है।भाजपा जिलाध्यक्ष इसे आंशिक बदलाव बता रहे हैं और कह रहे है ंकि पार्टी के निर्देशों का पालन करना पड़ता है।