पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • साहब, दबंग नहीं बनने दे रहे नालियां,कैसे बिछेगी पाइप लाइन, इन पर कार्रवाई करो

साहब, दबंग नहीं बनने दे रहे नालियां,कैसे बिछेगी पाइप लाइन, इन पर कार्रवाई करो

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
हम दो दशकों से पानी की समस्या से जूझ रहे है। वार्ड के दबंग की वजह से नालियां नहीं बन पा रही है,जिससे पाइप लाइन भी नहीं पहुंच पा रही,कब तक हम पानी के लिए परेशान होंगे। हमारा अल्टीमेटम मानो या फिर निवेदन वार्ड में नालियों का निर्माण शुरु करो जिससे पाइप लाइन डल सके। 2 दिन का समय देते हैं, यदि सुनवाई नहीं हुई तो फिर हम धरना प्रदर्शन कर आंदोलन करने बाध्य होंगे। इसके बाद एसडीएम बोले कि हम अभी सीएमओ से बात करते है,पर सीएमओ ने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद दो दिन में मामले की सुनवाई करने का आश्वासन वार्डवासियों को दिया है।

मंगलवार को जनसुनवाई में सुबह 11 बजे कलेक्टोरेट पहुंचकर वार्ड 11 के वाशिंदों ने जमकर बवाल मचाया और जैसे ही वह जनसुनवाई कक्ष में पहुंचे तो कलेक्टर की अनुपस्थिति में जनसुनवाई कर रहे एडीएम डॉ अनुज रोहतगी ने कहा कि यह आवेदन तो आपको नगरपालिका में देना चाहिए। वार्ड पार्षद नीलम बघेल ने कहा कि हम तो कई बार सीएमओ को लिख के दे चुके आपके यहां से भी पत्र जारी हो चुके पर कोई कार्रवाई वहां होती नहीं है। इसके बाद एडीएम ने कार्रवाई के लिए वहां मौजूद एसडीएम एल के पांडे को कहा। जिस पर पांडे ने मोबाइल सीएमएचओ को लगाया तो वह रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद वह बोले कि हम सुनवाई करेंगे। इस पर वार्ड पार्षद के साथ आई महिलाएं और मौजूद लोग नाराज हुए और बोले जब आपका ही फोन नहीं उठा रहे तो हमारी क्या खाक सीएमओ सुनेंगे। इस बार नालियों को बनवाने को लेकर जोर जोर से वार्ड वाशिंदे चिल्लाकर कहने लगे कि हम प्रशासन को दो दिन अल्टीमेटम देते हे और यदि फिर भी पानी नहीं आया तो उग्र आंदोलन करने बाध्य होंगे।

80 वर्षीय बुजुर्ग दंपत्ति बोले- बेटा करता है मारपीट,नहीं देता खाना-पीना

शहर के कमलागंज निवासी बुजुर्ग दंपत्ति कृपाराम जाटव और मुन्नी बाई 80 वर्षीय ने आरोप लगाया कि उनका बड़ा बेटा बहुत परेशान करता है खाना पीना देने की बात तो दूर वह मारपीट करता है। छोटे बेटे की बहु कुछ खाने पीने देती है तो उससे बुरा सलूक करता है। हमारी हालत और उम्र इतनी अधिक है कि कुछ कर नहीं सकते ऐसे में प्रशासन कुछ कार्रवाई करे तो हमें भरण पोषण मिल सकता है। इस पर आवेदन एसडीएम ने कार्रवाई के लिए रख लिया।

जमीन हमारी और कंप्यूटर कहता है आपकी,हम कब तक परेशान हों

ग्राम पंचायत मायापुर के सरपंच जितेंद्र प्रताप सिंह अपनी पंचायत के कई लोगों के ले कर आए बोले कि जब से तहसीलों में कंप्यूटर में खसरा खतोनी की नकल दर्ज हुई है तबसे किसानों के साथ छलावा हो रहा है और किसानों की जमीन को तहसील का कंप्यूटर शासन की बताता है जबकि वह जमीनें किसानों की है। कई बार शिकायतें भी की पर कोई सुनवाई नहीं हुई। इस पर एडीएम ने उनसे कहा कि आवेदन दे जाओ कार्रवाई कराते हैं,सरपंच जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि साहब अभी दिखवाओं किसानों का शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा। इस पर एसडीएम एल के पांडेय ने तुरंत तहसीलदार को मोबाइल पर निर्देश देकर किसानों की समस्या के समाधान के निर्देश दिए।

बहन और बेटे के साथ पहुंचा दिव्यांग युवक

शिवनारायण कुशवाह,निवासी राई कोलारस जो गेंगरीन की बीमारी से परेशान था और वह पैर कट जाने की वजह से अपाहिज हो गया है। अपनी बहन दुलारी और बेटे सूरज के साथ वह जनसुनवाई में पहुंचा और बोला कि परिवार के भरण पोषण की जिम्मेदारी उसी की है ऐसे में यदि शासन रोजगार के लिए आर्थिक सहायता दिलाई जाए। इस पर आवेदन एस डीएम की ओर एडीएम ने बढा दिया।

वार्ड 33 के पार्षद और उनका 40 सदस्यीय परिवार नहीं दे रहा संपवेल से पानी

वार्ड 33 के वाशिंदे कलेक्टोरेट पहुंचकर बोले कि उनके वार्ड के पार्षद और उनके 40 सदस्यीय परिवार द्वारा संपवेल से आने वाले पानी पर कब्जा जमा लिया है। कुछ कहो तो वह लड़ाई झगड़े पर उतारु हो जाते है ऐसे में हमें वह पानी नहीं दे रहा। इस संबंध में नपा सीएमओ को शिकायत की पर कोई सुनवाई नहीं हुई। महिलाओं से झगड़ा और गाली गलौंज करने के आरोप भी उन्होंने लगाए। जिस पर सीएमओ को आवेदन एसडीएम ने मार्क कर दिया।

खबरें और भी हैं...