क्राफ्ट मेला: चंदेरी-बालाघाट की साड़ियां आईं
ग्रामीण बुनकरों और शिल्पकारों को बढावा देने के लिए ग्रीष्मकालीन क्राफ्ट मेले का आयोजन मध्यप्रदेश शासन हाथकरघा विभाग द्वारा बरैया कृषि बागवानी एवं जनकल्याण समिति के सहयोग से किया गया जिसमें चंदेरी की साड़ी, बालाघाट की सिल्क-सूती साड़ियों का प्रदर्शन हुआ जो जनसमुदाय के लिए इसलिए आकर्षण का केंद्र रहा क्योंकि इसमें बाजार दर से कम दाम में उत्पाद इसलिए मिल गए क्योंकि बुनकर और शिल्पकार अपना उत्पादन लेकर खुद यहां आए।
मध्यप्रदेश शासन द्वारा हाथकरघा बुनकरों, शिल्पियों एवं स्वसहायता समूहों के उत्पादों के विपणन प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से बरैया कृषि बागवानी एवं जनकल्याण समिति आमोलपठा शिवपुरी द्वारा स्थानीय संजय लॉज कोर्ट रोड़ प्रांगण में ग्रीष्मकालीन क्राफ्ट मेला का आयोजन किया गया। इस क्राफ्ट मेले के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए बुनकरों, शिल्पियों द्वारा उत्पादित सामग्री जनसामान्य के विक्रय के लिए रखी गई।
इस मेले के माध्यम से मध्यप्रदेश के उत्कृष्ट बुनकरों, शिल्पियों द्वारा बनाई गई चंदेरी , महेश्वर, वारा-सिवनी बालाघाट की सिल्क/सूती साड़ियां,ड्रेस मटेरियल, मृगनयनी ग्वालियर सराफा द्वारा लेदर से निर्मित बैग और हस्तशिल्प द्वारा निर्मित साड़ियां, ड्रेस मटेरियल,श्योपुर जिले के लाख की चूड़ियां एवं कड़े, जिले के स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित पेपर बैग एवं एलईडी बल्ब का विक्रय उपभोक्ताओं के लिए प्रदर्शनी के माध्यम से किया गया।
क्राफ्ट मेले में साड़ी दिखाते हुए बुनकर।