नेशनल पार्क में अवैध रूप से घुसने पर दो आरोपियों को दो-दो माह की कैद
शिवपुरी|माधवन नेशनल पार्क शिवपुरी में घूमते हुए मिले दो व्यक्तियों को कोर्ट ने दो-दो माह की कैद के साथ-साथ एक-एक हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। आरोपियों को वन स्टाफ ने गोहे की शव के साथ पकड़ा था। अभियोजन के अनुसार माधव नेशनल पार्क का वन स्टाफ 20 जून 2015 को दोपहर करीब 1:40 बजे बीट खूबत के कक्ष क्रमांक 54 में गश्त कर रहा था। तभी वन स्टाफ को लेडिंग क्रमांक 1 में गोल चबूतरे के पास दो व्यक्ति आरोपी विजय और दिनेश घूमते हुए दिखाई दिए। वन स्टाफ ने आरोपियों को घेरकर पकड़ लिया। आरोपी विजय के पास डंसा एवं आरोपी दिनेश के पास थैले में गोहे की शव रखी मिली। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि विजय ने डंडे से गोहे को मारा था। वन स्टाफ ने वन्य प्राणी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना के बाद चालान कोर्ट में प्रस्तुत किया। जिस पर विचारण करते हुए न्यायाधीश अभिषेक सक्सैना जेएमएफसी शिवपुरी ने मंगलवार को निर्णय सुनाते हुए दोनों आरोपियों को 2-2 माह का कठोर कारावास एवं 1-1 हजार रुपए के जुर्माने की सजा सुनाई है। मामले में शासन की ओर से पैरवी राजवीर सिंह यादव सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी जिला शिवपुरी ने की।