पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • छह महीने बाद भी निर्माण पूरा नहीं हुआ बीच शहर में सड़क पर लग रही फल मंडी

छह महीने बाद भी निर्माण पूरा नहीं हुआ बीच शहर में सड़क पर लग रही फल मंडी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर के गर्ल्स स्कूल के नजदीक कोर्ट रोड पर थोक फल मंडी कई सालों से सड़क पर लग रही है। बीच सड़क पर फल कारोबार होने की वजह से हर दिन सुबह से ही ट्रैफिक जाम के हालात रहते हैं। जिम्मेदारी को समझते हुए नगर पालिका ने पिछले साल फल मंडी के लिए जमीन चिन्हित कर काम भी शुरू करा दिया। लेकिन नई फल मंडी अभी तक बनकर तैयार नहीं हो सकी है। मुक्तिधाम शिवपुरी के पास बन रही थोक फल मंडी का 80 से 90 फीसदी काम अधूरा पड़ा है। जबकि निर्माण कार्य करने की समय सीमा छह महीने थे। छह महीने से अधिक समय पूरा हो चुका है। नगर पालिका अभी तक फल मंडी बनवाकर तैयार नहीं करा सकी है। जिससे पिछले कई सालों की तरह ही फल मंडी सड़क पर है।

जानकारी के मुताबिक नगर पालिका शिवपुरी ने फल मंडी के लिए नोनकोली की पुलिया के पास जमीन आवंटित कराई है। इस जमीन पर 85 लाख की लागत से निर्माण कार्य अक्टूबर 2018 से प्रारंभ किया गया है। टेंडर प्रक्रिया के नियम-शर्तों के अनुसार छह महीने में निर्माण पूरा करना था। अप्रैल 2018 बीत चुका है और अब मई माह चल रहा है। फल मंडी में काम ठेकेदार ने पूरा नहीं कराया है। जिससे फल मंडी शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। जबकि सड़क पर फल कारोबार करने वाले फल व्यापारी जल्द से जल्द नई जगह पर पहुंचाने की मांग कर रहे हैं। फल कारोबार करने वाले करीब 11 से अधिक व्यापारी हैं। सड़क पर कारोबार करने से स्वयं फल व्यापारी परेशान हैं और आने जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल संचालन के दौरान छात्र-छात्राएं भी परेशान रहते हैं। जबकि मुख्य बाजार सहित कलेक्टोरेट, कोर्ट सहित अन्य दफ्तरों के लिए यही प्रमुख मार्ग है।

टीनशेड का काम होना बाकी, अभी एक माह और लगेगा

नई फल मंडी परिसर में अभी टीनशेड बनना बाकी है। 80 से 90 फीसदी काम पूरा होने के लिए अभी एक महीने और लग सकता है। उसके बाद बरसात शुरू हो जाएगा। बरसात के समय में फल कारोबारी अधिक परेशान रहते हैं। इसलिए फल कारोबारियों की मांग है कि जल्द से जल्द फल मंडी का काम पूरा कराया जाए। फल मंडी शिफ्ट होने से उन्हें सहूलियत होगी। आमजन को भी आने जाने में परेशानी नहीं होगी। फिलहाल मजबूरी में सड़क पर ही फल कारोबार करना पड़ रहा है।

टैक्स के रूप में हुआ लाखों का नुकसान

पिछले 20 से 25 सालों से फल मंडी सड़क पर लग रही है। फल कारोबार के लिए नगर पालिका और कृषि उपज मंडी समिति की तरफ से कोई पहल नहीं की गई थी। जिससे फल कारोबारियों ने भी टैक्स देने से मना कर दिया। फल कारोबारी अपने लिए अलग से मंडी की मांग कर रहे थे। फल मंडी उपलब्ध नहीं हो पाने की वजह से टैक्स भी नहीं वसूला जा सका है। नगर पालिका और मंडी समिति द्वारा टैक्स वसूला नहीं जा सका। मंडी समिति वालों ने भी प्रयास किया था, लेकिन व्यापारियों ने टैक्स देने से इनकार कर दिया। अब नए स्थान पर फल मंडी शिफ्ट होती है तो टैक्स के रूप में नगर पालिका की आय बढ़ेगी।

80 लाख से थाेक सब्जी मंडी का भी चल रहा काम

फल मंडी के पास ही थोक सब्जी मंडी का भी काम चल रहा है। वर्तमान में सब्जी खरीदी का काम कृषि उपज मंडी समिति के पिछले हिस्से में चल रहा है। यहां भी स्थान का अभाव रहता है। मंडी के अंदर आने जाने में लोगों को परेशानी होती है। किसानों के अलावा सब्जी कारोबारी भी परेशान हो रहे हैं। 80 लाख की लागत से सब्जी मंडी बनकर तैयार होने के बाद किसान, सब्जी कारोबारी और लोगों को भी फायदा होगा।

मजबूरी में सड़क पर कर रहे कारोबार

पिछले साल पता चला था कि फल मंडी के लिए निर्माण मुक्तिधाम के पास चल रहा है। लेकिन अभी तक यह नहीं बताया गया है कि काम पूरा हुआ है या नहीं। हम तो कई सालों से मांग कर रहे हैं। मजबूरी में सड़क पर ही फल कारोबार करना पड़ रहा है। नई मंडी में जल्द शिफ्ट होना चाहते हैं। जिससे हमारी और आमजन की समस्या दूर हो सकेगी। मोहन खटीक, फल कारोबारी शिवपुरी

काम पूरा होने में अभी थोड़ा वक्त और लगेगा

अक्टूबर 2018 में फल मंडी का काम शुरू कराया गया था। अब टीनशेड का काम बचा है। आधा सामान ठेकेदार ने मंगा लिया है, शेष आधा सामान आठ दिन में आ जाएगा। फल मंडी तैयार होने में थोड़ा वक्त और लग रहा है। रामवीर शर्मा, सब इंजीनियर नगर पालिका शिवपुरी

खबरें और भी हैं...