तुम लोग भी मिसाइलमैन की तरह दुनिया में नाम कमाओ
कलेक्टर तरुण राठी के साथ प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्रा।
भास्कर संवाददाता|शिवपुरी
प्रदेश और जिलास्तरीय मेरिट में जगह बनाने वाले जिलेभर के 22 टॉपर्स का मंगलवार को शिवपुरी में कलेक्टर तरुण राठी ने अपने ऑफिस में सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने सभी टॉपर्स को पूर्व राष्ट्रपति डॉ. अब्दुल कलाम आजाद की टर्निंग पॉइंट पुस्तक देकर कलेक्टर ने कहा कि-तुम भी मिसाइल मैन की तरह नाम कमाना, खूब पढाई करना।
इस दौरान कलेक्टर ने कहा कि-प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं माता-पिता की पहचान बनेंगे। छात्र-छात्राओं से उनके भविष्य के संबंध में चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता अपना लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करें, सफलता अवश्य प्राप्त होगी। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ राजेश जैन ने भी बच्चों से कहा कि-आपने साबित कर दिया है कि पढ़ाई से ग्रामीण क्षेत्र व मध्यम व गरीब परिवार के बच्चे भी जगह बना सकते हैं। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी परमजीत सिंह गिल, वरिष्ठ व्याखाता डॉ रतिराम धाकड़ मौजूद थे।