जिले में धारा 144 लागू, आज रात 12 बजे शुरू होगा इंटरनेट
शुक्रवार की शाम शहर में फ्लैगमार्च निकालती पुलिस।
भास्कर संवाददाता | शिवपुरी
अांबेडकर जयंती पर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जिले में धारा 144 लागू रहेगी। साथ ही कोई भी संगठन को रैली निकालने की अनुमति नहीं दी गई है। इसके साथ ही जिलेभर में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं, जो शनिवार रात 12 बजे तक शुरू की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी महापुरुषों की प्रतिमा स्थल पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।
सुरक्षा के लिए शहर में 500 जवान रहेंगे तैनात
आंबेडकर जयंती के मद्देनजर शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी। पुलिस ने इसके लिए शहर के सभी इलाकों से फ्लेग मार्च निकाला। इसमें ठाकुरपुरा से लेकर गुना बायपास और पुरानी शिवपुरी और मनियर तक निचली बस्तियों तक में पुलिस ने फ्लेग मार्च निकाला। खास बात ये है कि इस फ्लेग मार्च में सभी थाना प्रभारी पैदल चले। रविवार को शहर के गांधी पार्क में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी एक कार्यक्रम में भाग लेने आ रहे हैं। यहां बता दें की पुलिस और आईटीबीपी के जवान सहित 500 जवान तैनात रहेंगे।
शादी समारोह के लिए थानों में देनी होगी सूचना
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट तरुण राठी ने आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला शिवपुरी अंतर्गत शादी फलदान समारोह निजी समारोह के लिए आम रास्तों को छोड़कर विवाह स्थानों, शासकीय, संस्थाओं में होने वाले लेक्चर, गोष्ठियां, कार्यशाला आदि एवं शासकीय आयोजनों पर उक्त दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 का आदेश प्रभावशील नहीं होगा। उपरोक्त कार्यक्रमों की सूचना आयोजकों द्वारा संबंधित थाने में दी जाना अनिवार्य होगी।
शनिवार रात शुरू होगा इंटरनेट
जिले में शुक्रवार रात 8 बजे से ही इंटरनेट की सेवाएं बंद कर दी गई हैं। जो कि शनिवार को पूरे दिन बंद रहेगी और शनिवार की रात 12 बजे बहाल होंगी।
माल्यार्पण कर सकते हैं
अांबेडकर जयंती पर कलेक्टर ने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शहर और जिले में जहां भी डॉ. भीमराव अांबेडकर की मूर्तियां हैं वहां पर माल्यार्पण करने की अनुमति दी गई है। इसके अलावा किसी भी तरह की रैली निकालने की अनुमति नहीं दी गई है।