कोलारस सहित अन्य नगरों में उत्साह से मनी डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती
संविधान निर्माता को याद करने के साथ समरसता और एकता पर दिया जोर
भास्कर संवाददाता|शिवपुरी अंचल
जिले के विकासखंड मुख्यालय कोलारस, पिछोर, करैरा तथा बदरवास में भारत र| तथा देश के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की 127वीं जयंती उत्साह के साथ मनाई गई। इस मौके पर उपस्थित वक्ताओं ने उनके जीवन पर प्रकाश डाला तथा उपस्थित लोगों से समरसता एवं एकता की भावना से जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए पिछड़े और दलित वर्ग के लोगों की सेवा करने की अपील की। बाबा साहेब के जन्म जयंती कार्यक्रम में अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में सर्व वर्ग समाज के लोगों ने भाग लिया।
कोलारस में हर्षोल्लास से मना संविधान निर्माता का जन्मदिन : संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती नपं कोलारस में रामकुमार तिवारी जनअभियान परिषद मुख्य आतिथ्य में मनाई गई। सर्वप्रथम श्री तिवारी ने आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्जवलित किया। बाद में अपने उद्बोधन में सभी से समरसता एवं एकता की भावना से जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए लोगों से पिछड़े और दलितों की सेवा करने की अपील की। कार्यक्रम में राजू कुशवाह, ब्रजेश कुशवाह, कल्याण सिंह राजावत , ब्रजेश शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे। इस अवसर पर बैराड़ नगर में विभिन्न संगठन सदस्यों द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।