पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • बारदाना न होने से पांच दिन से खरीदी बंद, नाराज किसानों का एबी रोड पर ढाई घंटे तक चक्काजाम

बारदाना न होने से पांच दिन से खरीदी बंद, नाराज किसानों का एबी रोड पर ढाई घंटे तक चक्काजाम

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एबी रोड फोरलेन पर रायश्री के नजदीक बने पिपरसमां चना सरसों खरीदी केंद्रों पर बारदाना न होने से किसान पांच दिन से परेशान हैं। नाराज किसानों ने गुरुवार को एबी रोड पर पत्थर रखकर जाम लगा दिया इससे ढाई घंटे तक न केवल बस में बैठे यात्री महिला बच्चे गर्मी से परेशान रहे बल्कि खाने-पीने तक के लिए बच्चे बिलबिलाते रहे। खासबात यह रही कि जाम तकरीबन ढाई घंटे बाद तब खुला जब एसडीएम वहां पहुंचे और किसानों को बारदाना उपलब्ध कराने के साथ-साथ शुक्रवार से तौल प्रारंभ करने की बात कही।

खरीदी केंद्र पर न तो छाया का इंतजाम था और न ही पीने के पानी का। इससे परेशान होकर किसानों ने परेशान होकर गुरुवार को एबी रोड चक्काजाम कर दिया। तकरीबन 100 की संख्या में किसानों ने वहां मौजूद अधिकारियों की सुनवाई न करने से परेशान होकर जमकर नारेबाजी की और वाहन की आवाजाही रोक दी। साथ ही हाईवे पर पत्थर रख दिए।

तहसीलदार की नहीं माने तो एसडीएम पहुंचे, तब सुलझा विवाद

घटना की जानकारी मिलते ही तकरीबन 3 बजे तहसीलदार गजेंद्र लोधी वहां पहुंचे। लेकिन किसानों को समझाने में वह असफल रहे तो एसडीएम एलके पांडे वहां तकरीबन 3.30 बजे पहुंचे। उन्होंने किसानों को समझाइश देने के साथ बारदाना उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। लेकिन किसान इस बात पर अड़ गए कि तत्काल बारदाना मंगाया जाए। आखिरकार लुधावली खरीदी केंद्र से कुछ गठाने तत्काल मंगाई गईं। इसके बाद शुक्रवार सुबह से तौल करने की बात जब एसडीएम ने कही तब जाकर मामला सुलझा। जिला विपणन अधिकारी आरके पांडे की मानें तो उनके पास आगामी 7 दिनों के लिए बारदाना उपलब्ध है। जब उनसे पूछा कि कितना बारदाना है तो वह यह नहीं बता सके। उन्होंने अपना बचाव करते हुए कहा कि जहां बारदाना रखा है, वहां किसानों ने ट्रालियां लगा रखी हैं, जिससे ट्रांसपोर्टेशन में दिक्क्त आ रही है। हम इसकी जल्द व्यवस्था बना लेंगे।

एसडीएम से चर्चा करते चक्काजाम कर रहे किसान।

हम आठ दिन से परेशान हैं

हम तो 8 दिन से बारदाने के लिए परेशान हैं। सरसों बेचने हम आए थे। न कोई सुनवाई हो रही है और जब पूछो तो दुत्कार कर भगा देते हैं। अर्जुन सिंह, किसान सकलपुर

न पीने को पानी है न ही छांव है यहां

चने की फसल बेचने आए हैं। न तो पीने को पानी है और न ही छांव। परेशान किसान बारदाने के लिए भटक रहे हैं। हम भी 5 दिन से परेशान थे। इसलिए किसान विरोध पर उतारु हुआ। मनोज सिंह, सिंहनिवास, गुरपेज सिंह, रायश्री

जाम में फंसी बस में सवार बच्ची अपनी बहन का पसीना पोंछते हुए।

इलाज के पर्चे दिखाकर कार निकालने की बात कहता युवक।

आज से तौल शुरू हो जाएगी

हमने 3 तौल कांटों की जगह 6 तौल कांटे और पानी की सुचारु व्यवस्था रखने के निर्देश दिए हैं। यहां नायब तहसीलदार के साथ पटवारी भी सतत निगरानी रखेंगे। लुधावली केंद्र से हमने बारदाना मंगा लिया है। अब शुक्रवार सुबह से तौल भी शुरु हो जाएगी। एलके पांडेय, एसडीएम, शिवपुरी

खबरें और भी हैं...