पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • अब नहीं चलेगी टैंकर संचालकों की मनमानी 300 रुपए में ही देना होगा एक टैंकर पानी

अब नहीं चलेगी टैंकर संचालकों की मनमानी 300 रुपए में ही देना होगा एक टैंकर पानी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर में अब टैंकर संचालकों की मनमानी नहीं चलेगी। एक टैंकर पानी का भुगतान उपभोक्ता को 300 रुपए में करना होगा। यही नहीं टैंकर पर भी दर अंकित करनी होगी और नपा अपने हाइड्रेंट से उन्हीं टैंकर संचालकों को पानी भरने देगा जिनके टैंकरों पर यह दर अंकित होगी,हालांकि टैंकर संचालकों को एक 5 हजार लीटर के टैंकर को भरने के एवज में 70 रुपए प्रति टैंकर के हिसाब से नगद भुगतान करना होगा। यह सहमति टैंकर संचालकों ने जिला प्रशासन के समक्ष आयोजित हुई बैठक में दी और अब शुक्रवार से इन टैंकरों में पानी की सप्लाई नपा के हाइड्रेंट से शुरु हो जाएगी।

गुरुवार को कलेक्टोरेट में जिला प्रशासन ने नगरीय प्रशासन और शहर के टैंकर संचालकों की बैठक आहूत की। इस बैठक में प्रशासन की और से डूडा के पीओ और डिप्टी कलेक्टर संजीव जैन ने टेंकर संचालकों को संबोधित कर कहा कि पानी पर सबका अधिकार है और आप पानी का व्यापार करते हैं,यह ठीक है,आपकी भावना यह होनी चाहिए कि लोगों को पेयजल भी मिल जाए और आपकी आवश्यकता की पूर्ति भी होती रही। पर अनावश्यक दोगुने दामों में टेंकर बेचने की शिकायतें आपकी मिल रही है। इसलिए यह मीटिंग आयोजित है जिसमें आप और नगरीय प्रबंधन अपनी बात रखेंगे और सहमति से यह बिंदू सब मिलकर तय करेंगे। यदि कलेक्टर चाहते तो सीधा एक आदेश जारी करते कि ग्रीष्मकालीन पानी की समस्या को देखते हुए निजी बोर संचालकों के बोर अधिग्रहित किए जाते है। पर उन्होंने ऐसा नहीं किया आप सहमति के बिंदू तय करें।

`

नपा के एई ने पानी देने में आनाकानी की तो डिप्टी कलेक्टर बोले- इसे हल्के में न लें, शुक्रवार से टैंकरों को पानी दें

कलेक्टोरेट में टैंकर संचालकों की बैठक लेते डिप्टी कलेक्टर संजीव जैन

3 हजार लीटर क्षमता वाले टैंकर से नपा 50 रुपए लेगी और 5 हजार क्षमता वाले टैंकर से 70 रुपए नगद लेगी नगर पालिका

नपा के हाइड्रेंट से पानी भरा होगा। जिसमें ग्वालियर बायपास से लेकर पुलिस कंट्रोल रूम के बीच एक नया हाइड्रेंट बनेगा जिस पर 70 रुपए प्रति टैंकर से नपा कीमत वसूलेगी और बदले में वह 5हजार लीटर पानी देगी।

सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक पानी की सप्लाई मड़ीखेड़ा लाइन से आने वाले पानी से हाइड्रेंट के जरिए होगी।

3हजार लीटर क्षमता वाले टैंकर से नपा 50 रुपए लेगी और 5 हजार तक क्षमता वाले टैंकर नपा 70 रुपए में भरेगी। इसके एवज में निजी टैंकर संचालक 3हजार लीटर क्षमता वाले टैंकर को 250 रुपए में और 5 हजार क्षमता वाले टैंकर को 300 रुपए से अधिक दाम में नहीं बेचेगें।

यदि अधिक कीमत में टैंकर बेचते मिले तो टैंकर संचालकों पर कार्रवाई होगी।

नपा के अधिकारी बोले हम पानी तभी दे सकेंगे जब मड़ीखेड़ा परियोजना की लाइन चालू रहेगी। लाइन बंद होने वाले दिन हम पानी नहीं दे सकेंगे।

5-7 किमी के दायरे में शहर बसा है और शहर की बसाहट में टैंकर संचालक इस दर से ज्यादा नहीं ले सकेंगे।

जब एई ने की आनाकानी तो डिप्टी कलेक्टर बोले- मेरी बात को हल्के में मत लेना

नगर पालिका के एई आर डी शर्मा से जब डिप्टी कलेक्टर संजीव जैन ने पूछा कि हम इनका हाईड्रेंट कहां बना सकते है। तो सीएमओ गोविंद भार्गव बोले कि हमारे अभी दोशियान वाले दो हाइड्रेंट है,ग्वालियर बायपास से बड़े टैंकर नपा के भरते है और पुलिस कंट्रोल रूम से छोटे। ऐसे में इन दोनों हाइड्रेंट के बीच एक नया हाइड्रेंट हम बना सकते है जहां से पानी निजी टैंकर में भरा जा सकेगा। कब बनेगा तो सीएमओ बाले 6 घंटे में तो डिप्टी कलेक्टर संजीव जैन बोले कि कल से शुरु हो जाएगा पानी। एई शर्मा बोले कि एक बार दोशियान से बात कर लें वह लगवाएंगे। इस पर डिप्टी कलेक्टर जैन बोले आप अपनी जिम्मेदारी से पीछे न हटें। और लाइटली न लें। शुक्रवार से टैंकरों को पानी दें।

हम तैयार हैं

हम चाहते हैं कि टैंकर संचालकों को परेशान न किया जाए,आप नपा से हमें पानी दिला दें।दर तय कर लें हम तैयार है। हम चाहते थे 400 रुपए टैंकर मिले पर 300 की सहमति दे रहे है तो भी हम तैयार हैं। नरेंद्र जैन,भोला टैंकर संचालक शिवपुरी

हवा और पानी के बिना जीवन संभव नहीं है। और मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति कराना शासन प्रशासन का उद्देश्य है। गुरुवार को हमने नपा और टैंकर संचालकों की बैठक बुला सब तय कर लिया। अब 300 रुपए में ही टैंकर शहर में मिलेगा। संजीव जैन,डिप्टी कलेक्टर शिवपुरी

खबरें और भी हैं...