केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह आज पोहरी में
शिवपुरी |केंद्रीय ग्रामीण विकास पंचायती राज एवं खान मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर 20 मई को शिवपुरी जिले के पोहरी में आयोजित शिवपुरी एवं श्योपुर जिले के असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों एवं तेंदूपत्ता संग्राहकों के संयुक्त सम्मेलन में भाग लेंगे।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री तोमर 20 मई को 12.30 बजे कार द्वारा ग्वालियर से पोहरी के लिए रवाना होंगे। जहां वह3 बजे से आयोजित असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को एवं तेंदूपत्ता संग्राहकों के संयुक्त सम्मेलन में भाग लेंगे। कार्यक्रम उपरांत पोहरी से सेसईपुरा श्योपुर के लिए रवाना होंगे।
पोहरी, बैराड़ का उपार्जन केंद्र निरस्त
शिवपुरी | कृषकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए विपणन सहकारी संस्था पोहरी द्वारा संचालित उपार्जन केन्द्र पोहरी एवं बैराड़ को निरस्त करते हुए पोहरी उपार्जन केन्द्र को सेवा सहकारी संस्था छर्च एवं बैराड़ को सेवा सहकारी संस्था नदौरा को आवंटित किया गया है।कलेक्टर तरुण राठी ने इस संबंध में जारी आदेश में उल्लेख किया है। विपणन सहकारी समिति पोहरी को चना, मसूर, सरसों के उपार्जन हेतु कृषि उपज मण्डी पोहरी एवं बैराड़ को नियुक्त किया गया था। लेकिन विपणन सहकारी समिति पोहरी के विरुद्ध कृषकों से पैसे लेने की निरंतर प्राप्त हो रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पोहरी एवं बैराड़ उपार्जन केन्द्र को निरस्त किया गया है।
बाणगंगा फीडर से आज बंद रहेगी बिजली
शिवपुरी | प्री मानसून मेंटीनेंस कार्य किए जाने हेतु बाणगंगा फीडर पर 20 मई को प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक विद्युत प्रवाह बंद रहेगा। जिससे इस समय में इस मार्ग पर लाइट नहीं रहेगी।
खनियांधाना में 31 को स्वरोजगार सम्मेलन
शिवपुरी | जनपद स्तरीय स्वरोजगार सम्मेलन जनपद पंचायत सभाकक्ष में आयोजित किए जा रहे है। इसी क्रम में 31 मई को खनियांधाना में सम्मेलन आयोजित होगा। इन सम्मेलनों में जिला अधिकारियों के साथ-साथ बैंकर्स और संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय दण्डाधिकारी जनप्रतिनिधि आदि भी उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन वाले दिन खंडस्तरीय बैंक समन्वय समिति की बैठक भी आयोजित की जाएगी।
भर्ती मरीजों के नेत्र ऑपरेशन आज
शिवपुरी | माह मई में जनपद स्तर पर नेत्र मरीजों को भर्ती किया जाकर भर्ती तिथि के एक दिन पश्चात सतनवाड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के भर्ती मरीजों के नेत्र ऑपरेशन 20 मई रविवार को जिला चिकित्सालय शिवपुरी में किए जाएंगे।
नसबंदी शिविर आज शिवपुरी में
शिवपुरी | जिले में पुरुष एवं महिला नसबंदी को बढ़ावा देने एवं नसबंदी ऑपरेशन की सामुदायिक आवश्यकता की प्रतिपूर्ति हेतु नसबंदी शिविरों का आयोजन जिले में जिला चिकित्सालय शिवपुरी सहित संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर किया जाएगा।जिसके तहत 20 मई रविवार को शिवपुरी में नसबंदी शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
कलश यात्रा से शुरू हुई भागवत कथा
शिवपुरी | शहर के जानेमाने समाजसेवी और व्यवसायी अनीता मुकेश जैन टीटू,शांतिलाल प्रधान परिवार द्वारा कटरा बाजार मगरोनी में भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें पहले दिन कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्ग बाबा पूरन दास की कुटिया से प्रारंभ हुई जो कस्बे के मुख्य मार्गों से होती हुई कथा स्थल पहुंची इस दौरान बडी संख्या में महिला पुरुषों के साथ भक्त शामिल हुए। कलश यात्रा का जगह जगह स्वागत किया गया। कथा वाचक आचार्य पुरुषोत्तम तिवारी है।
फैशन डीवा का आयोजन आज
शिवपुरी | फैशन की दुनिया में रंग जमाने और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए 20 मई को समाजसेवी संस्था जेसीआई सुवर्णा शिवपुरी द्वारा फैशन डीवा 2018 का आयोजन किया जा रहा है।जेसीआई सुवर्णा की अध्यक्ष किरण गुप्ता, सचिव प्रियंका अग्रवाल व सुषमा पांडे ने बताया पहली बार ऐसे आयोजन की तैयारी फैशन डीवा शोज की है जिसमें महिलाएं व युवतियों के अलावा बालक.बालिकाएं 4 से 10 वर्ष तक के भाग ले सकेंगें।और विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। कार्यक्रम नक्षत्र वाटिका में 20 मई को सायं 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक आयोजित होगा जिसमें पंजीकृत प्रतिभागी ही शामिल हों सकेंगें।
विकासखंडस्तर पर युवा रोजगार हासिल कर सकें इसलिए लगेंगे शिविर
शिवपुरी | जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों पर स्वरोजगार सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। इन सम्मेलनों में विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के तहत लाभांवित सफल उद्यमियों एवं हितग्राहियों के अनुभवों से भी लोगों को अवगत कराया जाएगा। उक्त आशय की जानकारी कलेक्टर तरुण राठी ने शासन की मंशा अनुरूप विकासखंड स्तरों पर आयोजित होने वाले स्वरोजगार सम्मेलनों की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में आयोजित बैठक में दी। इन सम्मेलनों में मुख्य रूप से मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजना एवं मुख्यमंत्री कृषक उद्यमी योजना, मुद्रा तथा स्टेंडअप जैसी अन्य स्वरोजगार योजनाओं के तहत बैंकों के माध्यम से संचालित योजनाओं की जानकारी प्रदाय कर उनके प्रकरण तैयार कर लाभांवित करना है। उन्होंने बताया कि खंडस्तरीय स्वरोजगार सम्मेलनों में प्राप्त आवेदनों के स्वीकृति पत्र जिला स्तरीय सम्मेलनों में प्रदाय किए जाएंगे।