शिवाड़ के महापुरा रोड पर बजरी से भरी ट्रॉली पलटी, दो जने घायल, टोंक रेफर
महापुरा रोड पर रविवार को बजरी की भरी ट्रॉली पलटने से मोटर साइकिल पर सवार दो व्यक्ति घायल हो गए। सूचना मिलते ही 108 के द्वारा घायलों को उपचार के लिए शिवाड़ के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार कर उन्हें टोंक के लिए रेफर कर दिया। 108 एंबुलेंसकर्मी रवि तथा शिवाड़ पुलिस चौकी कांस्टेबल महेंद्र ने बताया कि बनास नदी से अवैध बजरी से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली तीव्र गति से जामडोली गांव की ओर जा रही थी। महापुरा रोड पर ट्यूबवेल के पास एकदम ब्रेक लगाने से साइड से मोटर साइकिल के टक्कर लग गई और बजरी की भरी ट्रॉली उन पर पलटी खा गई। मोटर साइकिल पर सवार महापुरा निवास मदन लाल जाट और उनके साथ बैठी परिवार की महिला सदस्य शीला गिरकर घायल हो गए तथा मोटर साइकिल बजरी की ट्रॉली के नीचे दब गई। दोनों ही महापुरा से शिवाड़ की ओर जा रहे थे। बाद में मौके पर पहुंचे ग्रामीणों के सहयोग व जेसीबी द्वारा मोटर साइकिल को बजरी से बाहर निकाला और मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस के द्वारा घायलों को शिवाड़ के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां दोनों का चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार कर टोंक रेफर कर दिया। उधर, दोनों वाहनों को पुलिस ने पुलिस चौकी में लाकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने जताई नाराजगी: ग्रामीणों ने बताया कि न्यायालय द्वारा बनास नदी से बजरी पर रोक होने के बावजूद बजरी माफिया ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से बजरी का अवैध खनन कर रहे हैं। रोजाना महापुरा रोड से बजरी की अवैध व ओवरलोड ट्रॉलियां भरकर तीव्र गति से निकल रही है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।
शिवाड़. महापुरा रोड पर बजरी से भरी ट्रॉली पलटने के बाद बजरी के अंदर से मोटर साइकिल को निकालते ग्रामीण।