शिवाड़ | महापुरा पंचायत के मुरली मनोहरपुरा गांव में पीने के पानी की समस्या बढ़ती ही जा रही है। रविवार को तो लोगों ने पानी की निकल रही पाइप लाइन में हो रहे रिसाव के पास गड्ढा खोद कर पानी को उपयोग में लेना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगे हैंडपंपों से फ्लोराइड पानी निकलता है, जो पीने योग्य नहीं है और महापुरा से आ रही पानी की पाइपलाइन में अवैध कनेक्शन होने के कारण गांव में बनी टंकियों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। ऐसे में लोग जहां पाइप लाइन में रिसाव हो रहा है, वहीं गड्ढा खोदकर पानी की प्यास बुझाने के लिए पानी भरने का इंतजार कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध कनेक्शन बन्द करवाने की मांग की है, जिससे टंकियों में पानी का भराव हो सके।