कल्याणपुरा सरपंच के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज
श्रीमाधोपुर | कल्याणपुरा सरपंच मोतीराम के खिलाफ स्थानीय पुलिस थाने में एक जने ने इस्तगासे के जरिए धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार घीसालाल पुत्र चंद्राराम मीणा निवासी कल्याणपुरा ने कल्याणपुरा सरपंच मोतीराम के खिलाफ मामला दर्ज कराया है कि ग्राम पंचायत कल्याणपुरा में 24 जनवरी, 15 को राज्य सरकार द्वारा सरपंच के चुनाव संपन्न कराए गए थे। इसमें मोतीराम ने सरपंच पद के लिए अपना आवेदन 23 जनवरी 15 को प्रस्तुत किया था। आवेदन में प्रस्तुत घोषणा पत्र में मोतीराम ने अपने विरुद्ध कोई भी आपराधिक प्रकरण पुलिस थाना आदि से संबंधित विवरण में लंबित या दोषसिद्धि से इनकार करते हुए मिथ्या घोषणा की, जबकि मोतीराम के खिलाफ जयपुर के शास्त्रीनगर पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज थे। इनमें से कुछ प्रकरणों का निस्तारण करते हुए न्यायालय ने मोतीराम को साधारण कारावास की सजा से भी दंडित किया हुआ है। इसके बावजूद मोतीराम ने जानबूझकर मिथ्या दस्तावेजों की रचना की तथा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर ग्राम पंचायत कल्याणपुरा के सरपंच पद पर निर्वाचित होकर अवैध लाभ प्राप्त किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।