- Hindi News
- National
- जाेधपुर से अपने घर श्रीमाधोपुर आ रहे शिक्षक से मारपीट कर जीप सवारों ने रुपए व फोन लूटे
जाेधपुर से अपने घर श्रीमाधोपुर आ रहे शिक्षक से मारपीट कर जीप सवारों ने रुपए व फोन लूटे
कस्बे के वार्ड 22 शिव कॉलोनी निवासी सरकारी शिक्षक 28 वर्षीय दुष्यंत कटारिया पुत्र जगदीश को जीप सवार चार बदमाशों ने जालपाली मोड़ से कस्बे में छोड़ने के बहाने शुक्रवार रात को बैठा लिया और गंभीर मारपीट व लूटपाट के बाद रींगस के भोपतपुरा के पास पटककर चले गए। शिक्षक जोधपुर जिले के बाप पंचायत में कार्यरत हैं तथा शुक्रवार रात को बीकानेर से रींगस तथा रींगस से जालपाली मोड़ पर आकर कस्बे में अपने घर जाने के लिए किसी वाहन का इंतजार कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि रात करीब 12 बजे रींगस की ओर से आ रही एक जीप को रुकने का इशारा किया तथा बीच की खाली सीट पर शिक्षक दुष्यंत बैठ गए। आगे चालक व एक अन्य व्यक्ति बैठा था। कुछ पलों में ही पीछे से दो लोग उसके अगल बगल में सीट पर बैठ गए। शिक्षक ने बताया कि अचानक अगल-बगल में बैठे दोनों बदमाशों ने उसकी गर्दन दबोच ली और मारपीट करने लगे तथा मुंह दबाकर उसका सिर सीट के नीचे दबा दिया। बदमाशों ने उसके हाथ में पहन रखी एक सोने की अंगूठी, जेब में रखे करीब एक हजार रुपए, दो मोबाइल फोन, बैग व एटीएम कार्ड लूट लिया। बदमाश करीब पौन घंटे तक गाड़ी दौड़ाते रहे तथा लगातार मारपीट करते रहे। शिक्षक का कहना है कि उसे वे किस रास्ते से लेकर कहां-कहां गए, पता नही चल पाया। रात करीब पौने एक बजे भोपतपुरा रेलवे लाइन के पास एक खेत में पटककर चले गए। वारदात के बाद पास ही एक घर में रोशनी देखकर घायल दुष्यंत वहां पहुंचे और भोपतपुरा निवासी गंगाराम को घटना की जानकारी दी। गंगाराम ने अपने फोन से रात एक बजे दुष्यंत की बात करवाकर मामले की पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद रींगस पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे के पिता जगदीश उन्हें थाने लेकर आए, लेकिन रींगस पुलिस ने मामला श्रीमाधोपुर थाने का बताते हुए श्रीमाधोपुर भेज दिया। पीड़ित दुष्यंत ने चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट व मारपीट का मामला दर्ज कराया है।
लूट के शिकार शिक्षक कटारिया।
एटीएम कार्ड देखकर बदमाशों ने पूछा पिन नंबर बोले- नंबर गलत हुए तो जान से मार देंगे
शिक्षक ने बताया कि गाड़ी में बैठने के बाद बदमाशों ने रुपए, एटीएम कार्ड, सोने की अंगूठी, मोबाइल आदि छीन लिए। एटीएम कार्ड देखकर एक बदमाश ने पूछा कि पिन नंबर क्या है। मारपीट से बुरी तरह टूट जाने के बाद शिक्षक ने पिन नंबर बता दिए। एक बदमाश ने कहा कि सही बताना वरना जान से मार देंगे। दूसरे ने पूछा कि कितने रुपए है खाते में तो शिक्षक ने कहा कि 34 हजार है। पूरे घटनाक्रम में बदमाशों ने शिक्षक के सिर को सीट के नीचे रखा, ताकि बाहर नहीं देख सके। बदमाश गाड़ी दौड़ाते रहे और लगातार मारपीट करते रहे, वे शराब भी पी रहे थे। बदमाशों ने एक जगह गाड़ी रोकी तो शिक्षक ने अंदाजा लगाया कि शायद किसी एटीएम के पास रुपए निकालने के लिए गाड़ी रोकी है। शिक्षक का कहना कि बदमाशों ने एटीएम से कितने रुपए निकाले हैं, यह उसे मालूम नहीं है। क्योंकि उसके मोबाइल फोन बदमाशों ने छीने लिए तथा शनिवार को बैंक का अवकाश था।
शिक्षक को बेहोशी की हालत में छोड़ा पटरियों के पास : शिक्षक के साथ गाड़ी में बदमाश करीब पौन घंटे तक मारपीट करते रहे। इससे शिक्षक गंभीर घायल हो गए और बेहोश हो गए। बदमाश चलती गाड़ी में लगातार उससे मारपीट कर रहे थे। सब कुछ लुट जाने के बाद शिक्षक ने बदमाशों से छोड़ने की बात कही तो बदमाशों ने कहा कि अभी तो तुझे रेलवे की पटरियों से बांधकर जान से मारेंगे। इसके बाद एक बदमाश ने उसे छोड़ने का इशारा किया तो चलती गाड़ी से उसे भोपतपुरा के पास एक खेत में पटककर फरार हो गए। कुछ देर बाद होश आने पर थोड़ी दूर एक घर की लाइट देखकर वहां पहुंचकर लोगों को जगाया तथा आपबीती बताई तो पता लगा कि बदमाश उसे रींगस के भोपतपुरा के पास पटककर गए हैं।
दो दिन के अवकाश पर लौट रहे थे घर: शिक्षक ने बताया कि जोधुपर जिले में बाप पंचायत के सरकारी स्कूल में वे थर्ड ग्रेड अध्यापक हैं। दो दिन का अवकाश होने पर शुक्रवार रात को घर आने के लिए बीकानेर से जयपुर की बस में बैठे थे। रींगस उतरने के बाद शाहपुरा जाने वाले एक वाहन में बैठे। जालपाली मोड़ पर उतरकर घर जाने के लिए किसी वाहन का इंतजार करने लगे, तभी वह गाड़ी आ गई।
बदमाश एक दूसरे को टाइगर के नाम से पुकार रहे थे: शिक्षक ने बताया कि गाड़ी में अगल-बगल में बैठे दोनों बदमाशों ने रूमाल से अपना मुंह ढक रखा था। चालक व आगे बैठे दोनों बदमाशों के चेहरे वे नहीं देख पाए। पूरे रास्ते वे एक दूसरे को टाइगर के नाम से संबोधित कर आपस में बात कर रहे थे।