पानी के लिए उपखंड कार्यालय पर किया धरना-प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
श्रीमाधोपुर| अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की कार्यकर्ताओं ने कस्बे के वार्डों में पानी की किल्लत दूर करने की मांग को लेकर मंगलवार को उपखंड कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया।
तहसील सचिव मंजू चौहान ने बताया कि समिति की प्रदेश उपाध्यक्ष तारा धायल के नेतृत्व में धरना देकर सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर पानी की सुचारु व्यवस्था करने की मांग का ज्ञापन दिया। धायल ने बताया कि वर्तमान सरकार ने चुनावों में बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन जनता को मूलभूत व पहली आवश्यकता पानी की सप्लाई भी पर्याप्त नहीं हो रही। पानी को लेकर जनवादी महिला समिति की महिलाओं को सड़क पर बैठना पड़ा। इसका जवाब आने वाले चुनावों में मिल जाएगा। उन्होंने जलदाय विभाग के सहायक अभियन्ता राजेन्द्र गुर्जर को ज्ञापन देकर शीघ्र ही पानी की समस्या का समाधान नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इसके साथ ही विधवा व वृद्धा पेंशन चालू करने, राशन वितरण की व्यवस्था सुचारु करने की मांग का ज्ञापन उपखंड कार्यालय में दिया। इस अवसर पर तहसील अध्यक्ष जुम्मी बानो, किसान सभा के तहसील अध्यक्ष कैलाश सामोता, सचिव अर्जुनलाल सहित अन्य महिला कार्यकर्ता उपस्थित थी।