गर्मियों की छुटिट्यों में अपनी बुआ के घर नागपुर-महाराष्ट्र गई 10वीं की छात्रा 13 वर्षीय शिवानी पुत्री रामावतार जांगिड़ निवासी कल्याणपुरा की छत से गिरने पर मौत हो गई। सोमवार को छात्रा का शव कल्याणपुरा गांव पहुंचा, जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। राउमावि कल्याणपुरा के प्रधानाचार्य कैलाशचंद के अनुसार छात्रा शिवानी इसी स्कूल में 10वीं में अध्ययनरत थी तथा नागपुर अपनी बुआ के यहां घूमने के लिए गई थी। शनिवार रात को वह बुआ के घर छत पर सो रही थी। प्यास लगने के बाद नींद से जागी तथा पानी पीने के लिए उठी तो पैर फिसलने के कारण छत से नीचे गिर जाने से उसकी मौत हो गई। छात्रा के परिजनों ने यह जानकारी विद्यालय में आकर दी। परिजनों ने बताया कि छात्रा की माता की मौत भी दो साल पहले हो चुकी है तथा छात्रा के परिवार में पिता, दादा, दादी तथा एक भाई व बहन है। पिता मजदूरी कर जीवन यापन करते है। कल्याणपुरा के रामावि की छात्रा की मौत से पूरे गांव में शोक छा गया।
संत गुरु चरणदास की शोभायात्रा निकाली आश्रम के पास किया अंतिम संस्कार

नीमकाथाना| गोरधनपुरा रोड (नयाबास) में स्थित संत मीराबाई आश्रम के संत गुरु चरणदास के देवलोक गमन पर सोमवार को शोभायात्रा निकाली गई। अंतिम दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में लोग आश्रम पहुंचे। सैकड़ों महिलाओं ने महाराज को नारियल देकर विदा किया। नीमकाथाना, गोरधनपुरा, नयाबास सहित आसपास के इलाके में आश्रम के प्रति खासी श्रद्धा है। महाराज के देवलोक गमन की सूचना पर सुबह से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। महेश कुमावत, गोकुलचंद गुर्जर, कमलेश मीणा व मोहनलाल मीणा ने महाराज की पालकी को कंधा दिया। शोभायात्रा को आश्रम के चारों तरफ घुमाया गया। इस दौरान लोग भजन-कीर्तन करते हुए चले। आश्रम के पास महाराज का अंतिम संस्कार हुआ।