श्रीमाधोपुर. समर्थन में बीडीओ को मांगों का ज्ञापन देते मंत्रालयिक कर्मचारी।
भास्कर न्यूज | श्रीमाधोपुर
पंचायत समिति कार्यालय में मांगों को लेकर 30 अप्रैल से कार्य का बहिष्कार कर अनिश्चितकालीन समय के लिए धरने पर बैठे मनरेगा संविदा कार्मिकों के समर्थन में पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन के कर्मचारियों ने पंचायत समिति कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया तथा मुख्यमंत्री एवं पंचायतराज मंत्री के नाम का ज्ञापन बीडीओ सुप्यार कपूरिया व एसडीएम कार्यालय में दिया। कार्मिकों का कहना है कि ग्राम पंचायत से लेकर विभाग स्तर पर शासन की रीढ़ के रूप में मंत्रालयिक कर्मचारी तथा मनरेगा कार्मिंक पंचायतीराज की समस्त योजनाओं एवं जनहित की नीतियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उसके बाद भी महानरेगा कार्मिकों को अल्प मानदेय पर कार्य करना पड़ता है। कार्मिकों ने पंचायतीराज की लंबित भर्तियों को पूर्ण करवाने, कनिष्ठ लिपिक भर्ती 2013 शेष रहे संपूर्ण पदों पर पुन: से भर्ती करवाने, गृह जिले में स्थानांतरण के संबंध में नियमों की व्यवस्था करने, अनुकंपात्मक नियुक्ति के तहत लगे कनिष्ठ लिपिकों को टंकण परीक्षा से राहत प्रदान करने सहित विभिन्न मांगों का ज्ञापन दिया। 24 मई से अनिश्चितकालीन समय के लिए मंत्रालयिक कर्मचारियों द्वारा पंचायत समिति/जिला परिषद एवं ग्राम पंचायत कार्यालयों में समस्त कार्यों का बहिष्कार करना एवं कलेक्टर कार्यालय के बाहर शांति पूर्ण प्रदर्शन तथा 11 जून को जयपुर कूच करने का कार्यक्रम होगा।
दूसरी ओर राजस्थान पंचायतीराज सेवा परिषद के प्रदेशव्यापी आह्वान पर परिषद के कर्मचारी 21 मई से तीन दिन के सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। परिषद के उपशाखा अध्यक्ष शंकरलाल स्वामी ने दी।
लक्ष्मणगढ़| मनरेगा संविदा कर्मियों के समर्थन में पंचायतराज मंत्रालयिक कर्मचारियों ने भी अनिश्चितिकालीन कार्य बहिष्कार की घोषणा की है। यह जानकारी राजस्थान पंचायतराज कर्मचारी महासंघ के ब्लॉक अध्यक्ष टंवर सिंह शेखावत ने दी ।इस अवसर पर राकेश सैनी, विशाल कुमार, बलवीर सिंह, शर्मिला, कमलेश सैन, राकेश स्वामी, कुलदीप चिराणिया, नरपत सिंह, संजय, महेश, कमल जोशी व कमलेश तंवर मौजूद रहे।
दांतारामगढ़ | नरेगा संविदा कार्मिकों को नियमित करने की मांग को लेकर संविदा कार्मिकों ने लगातार 11वें दिन सामूहिक अवकाश पर रहकर कार्य का बहिष्कार किया। वहीं पंचायत समिति के सामने धरना दिया ।
खंडेला| महानरेगा संविदा कार्मिक संगठन के कार्मिकों ने अपनी मांगों को लेकर पिछले 12 दिनों से पंचायत समिति के अटल सेवा केन्द्र पर धरना दे रखा है। ब्लॉक अध्यक्ष सुनीता सैनी ने बताया कि एलडीसी भर्ती 2013 एसएचआर भर्ती में शेष रहे संविदा कार्मिकों को भर्ती में शामिल किया जाए।
सीकर| मनरेगा कर्मिक संघ राजस्थान के आह्वान पर जिले के सभी पंचायत समितियों के कार्मिकों का सामूहिक अवकाश जारी रहा। प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार वैष्णव के संविदाकर्मियों की नियमित नियुक्ति की मांग को लेकर एक मई से अनिश्चितकालीन धरने पर हैं। जिलाध्यक्ष सुभाषचंद्र ने बताया कि सांसद और विधायक को राज्य सरकार से भर्तियों पर नियुक्ति सूची जारी करवाने का आवश्वासन दिया था।
खंडेला. महानरेगा संविदा संगठन के कर्मचारियों ने धरना दिया।
दांतारामगढ़ पंचायत समिति के सामने धरने पर बैठे महानरेगा संविदा कार्मिक।