पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • रोजगार सहायकों की हड़ताल से अटका 5 लाख रुपए से मुफ्त इलाज की योजना का अपडेशन

रोजगार सहायकों की हड़ताल से अटका 5 लाख रुपए से मुफ्त इलाज की योजना का अपडेशन

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | शुजालपुर

केंद्र सरकार की आयुष्मान योजना के पहले चरण में शुजालपुर जनपद क्षेत्र की 71 पंचायतों के 130 गांवों में सर्वे पूरा हो चुका है। पंचायत स्तर पर सत्यापन के बाद सर्वे का डाटा ऑनलाइन अपडेट होगा और 5 लाख रुपए तक का इलाज मुफ्त मिलेगा। मंगलवार से रोजगार सहायकों की शुरू हुई हड़ताल से योजना का अपडेशन वर्क अटक गया है।

जानकारी के अनुसार योजना में निजी अस्पताल में जरूरतमंद को 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। 2011 की जनगणना को आधार मानकर आर्थिक एवं सामाजिक सर्वे में आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को इसका लाभ देने के लिए सरकार द्वारा निजी अस्पतालों से अनुबंध किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी पंचायतों की सर्वे सूची में आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों की जानकारी अपडेट की जा रही है। इसमें आंकड़े दुरुस्त करने, मृत लोगों के नाम काटने, विवाहित बेटियों के नाम हटाने, नई बहू, जन्म लेने वाले बच्चों के नाम जोड़ना, पता, मोबाइल नंबर अपडेट किया जा रहा है। हालांकि यह किसी को नहीं पता कि आर्थिक और सामाजिक सर्वेक्षण में किसका नाम कब जोड़ा गया। सरकार ने 2011 की जनगणना को आधार मानकर आंगनवाड़ियों के माध्यम से अप्रत्यक्ष रूप से सर्वे कराया था। योजना में उन परिवारों को भी लाभ मिल सकेगा, जो किन्हीं कारणों से राज्य बीमारी सहायता योजना से बाहर हो जाते हैं।

नए नाम नहीं जुड़ेंगे

योजना में बीपीएल की पात्रता अनिवार्य नहीं है। सरकार ने अप्रत्यक्ष सर्वेक्षण में जिन परिवारों को शामिल किया था, उनमें आर्थिक और सामाजिक सर्वेक्षण के आधार पर आर्थिक रूप से कमजोर तबके को योजना का लाभ दिया जाना है। सूची पोर्टल से निकाली जा रही है। इसमें नया नाम या परिवार को नहीं जोड़ा जाएगा। सिर्फ परिवार की जानकारी अपडेट की जाएगी। उसके लिए भी पासवर्ड दिए गए हैं। सर्वे का काम आशा कार्यकर्ता द्वारा पंचायत स्तर पर किया जा गया है और अब रोजगार सहायक अपडेट जानकारी पोर्टल पर फीड करेंगे। मंगलवार से हड़ताल के कारण रोजगार सहायक अभी अपडेशन नहीं कर रहे हैं।

इस तरह मिलेगा 5 लाख का फ्री हेल्थ बीमा

योजना में प्रत्येक पात्र परिवार का नि:शुल्क हेल्थ बीमा कराया जाएगा। जिला और तहसील स्तर पर निजी अस्पतालों से सरकार अनुबंध करेगी। इसमें व्यक्ति को इलाज की नि:शुल्क सुविधा मिलेगी। इलाज का खर्च बीमा कंपनी के माध्यम से दिलाया जाएगा। बीमा कंपनी को दी जाने वाली राशि में केंद्र और राज्य सरकार अंशदान देगी।

सर्वे पूरा, 15 अगस्त तक लांच हो सकेगी योजना

योजना में 5 लाख रुपए तक सालाना हेल्थ स्कीम में इलाज की सुविधा मरीज को मिलेगी। 15 अगस्त तक योजना लांच होने की जानकारी मिली है। सर्वे हो चुका है। अमला कम होने से डाटा अपडेट व फीडिंग का कार्य इसी महीने में पूरा कराना मुश्किल है। -डॉ. राहुल जैन, डीपीएम शाजापुर

वैकल्पिक व्यवस्था करेंगे

रोजगार सहायकों की हड़ताल से काम प्रभावित नहीं होने देंगे। अन्य वैकल्पिक व्यवस्था से काम कराकर समय पर योजना लाभ देने प्रयास होंगे। नितिन भट्ट, सीईओ, जनपद पंचायत शुजालपुर

खबरें और भी हैं...