भास्कर संवाददाता | शुजालपुर
भावांतर योजना के माध्यम से किसानों द्वारा अपनी उपज बेचने के लिए आए किसानों ने रविवार को तौल नहीं होने के कारण मंडी में काफी देर तक हंगामा मचाया। उनके द्वारा तौल की मांग करते हुए नारेबाजी सरकार के विरुद्ध की गई। बाद में मौके पर पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को संभाला। बताया जा रहा है कि पूर्व में कलेक्टर श्रीकांत बनोठ ने जब खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया था, तब छुट्टी के दिन भी खरीदी करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन खरीदी करने वाली एजेंसी मार्केटिंग सोसायटी ने रविवार को खरीदी नहीं की।
इससे किसानों को आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने मंडी में हंगामा शुरू कर दिया। किसानों का कहना था कि हमारे द्वारा पिछले चार दिन से अपनी उपज मसूर व चना लेकर आए है, लेकिन हमारी फसल का तौल नहीं हो रहा है। रविवार होने के कारण खरीदी करने वाली एजेंसी द्वारा खरीदी करने से मना कर दिया गया। खेजड़िया से ग्राम से किसान मोहन सिंह ने बताया कि उनको इस बात की जानकारी मिली थी कि रविवार को भी उपज खरीदी जाएगी। इसके कारण कई किसान अपनी उपज लेकर एसएमएस आने के बाद आ गए है, लेकिन कोई खरीदी नहीं कर रहा है। कई किसानों को खरीदी केंद्र पर 4 दिन होने वाले है। वहीं मंडी में किसानों द्वारा किए गए हंगामे के बारे मंडी चौकी प्रभारी मोनिका एब्रियों ने बताया कि उनको मंडी में किसानों द्वारा खरीदी नहीं होने के कारण उपद्रव होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद वे पुलिस बल के साथ वहां पर गई थी। किसानों को समझाइश देने के बाद वे शांत हुए। दूसरी खरीदी करने वाले मार्केटिंग सोसायटी के प्रबंधक विष्णु पाटीदार का कहना है कि रविवार होने से किस किसान का कितना माल तुलना है उसकी जानकारी नहीं मिलने के कारण खरीदी करना संभव नहीं है। हमारे द्वारा भोपाल में भी बात की गई थी, लेकिन किसानों का कितना माल खरीदा जाए, इसकी जानकारी नहीं मिल रही है। इसलिए हमारे द्वारा तौल नहीं करने का निर्णय लिया गया है।