लोगों ने उठाई कुएं की सफाई की मांग
भास्कर संवाददाता | शुजालपुर
नगर के मंडी क्षेत्र में ब्रजनगर कॉलोनी में बने कुएं की सफाई की मांग रहवासियों द्वारा लंबे समय से की जा रही है, लेकिन नपा ने इस ओर अभी तक ध्यान नहीं दिया। इस कारण इस कुएं का पानी लोगों के लिए उपयोग में नहीं आ रहा है। लोगों का कहना है कि अगर कुएं की सफाई करवा दी जाए, तो यह कुआं गर्मी के मौसम में लोगों के लिए कारगर साबित हो सकता है। इसका उपयोग चित्रांश नगर, ब्रजनगर सहित कमल्याफाटक की ओर रहने वाले लोग कर सकते हैं। क्षेत्र में रहने वाले शिक्षक सुनील शर्मा का कहना है कि पूर्व में भी इसको साफ करवाया गया था, लेकिन विगत कई सालों से इस ओर ध्यान नहीं दिए जाने के कारण स्थिति पूर्व की तरह बन गई। नपा सीएमओ प्रदीप शास्त्री का कहना है कि इस ओर ध्यान देकर जरूरी हुआ तो उक्त कुएं की सफाई करवा दी जाएगी।