शपथ के साथ समारोहपूर्वक हुआ सर्वोदय का गठन
भास्कर संवाददाता | शुजालपुर
नगर व आसपास के इलाके में जैन-अजैन सभी वर्गों में जनसेवा गतिविधिया संचालित कर भगवान महावीर का संदेश देने सर्वोदय संस्था का गठन कर पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन की अनुयाई इकाई के रूप में सर्वोदय अब वर्ष भर गतिविधि कैलेंडर निर्धारित कर जनकल्याणकारी सामाजिक कार्यों में युवाओं की शक्ति को सुनियोजित करते हुए महावीर के संदेश से लोगों को लाभान्वित करेगा।
किशनदीप गार्डन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष हंसमुख गांधी, राष्ट्रीय महासचिव आर.के.जैन इंदौर, अतिरिक्त महासचिव देवेंद्र कांसल उज्जैन व जंबू जैन धवल उज्जैन, संयुक्त महासचिव फेडरेशन मनीष जैन उज्जैन थे। इस दौरान पूर्व विधायक नेमीचंद जैन, दिगंबर जैन समाज अध्यक्ष निर्मल कुमार जैन, राजेश जैन, रमेशचंद्र जैन, नवनिर्वाचित अध्यक्ष अल्पा अजय शाह भी मंचासीन थे। अतिथियों का स्वागत ग्रुप कोषाध्यक्ष जयेश जैन ने किया। ग्रुप की महिला एवं बाल सदस्यों नेे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रेरक संदेश दिया। मनमोहक नृत्यों ने समा बांधा। संचालन ग्रुप के सचिव अनुराग जैन ने किया। फेडरेशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से शपथ आयुक्त जंबू जैन धवल ने नव नियुक्त पदाधिकारियों और 31 सदस्यों को शपथ ग्रहण करवाई। डाॅ.के.के.जैन संरक्षक, अध्यक्ष अरिहंत जैन गैस, सचिव अनुराग जैन, कोषाध्यक्ष जयेश जैन सहित सदस्य ने शपथ ली।
नगर व आसपास के इलाके में महावीर का संदेश लोगों तक पहुंचाकर करेंगे लाभान्वित, गतिविधि का कैलेंडर बनाया
शपथ आयोजन में प्रस्तुति देती प्रतिभाएं।
सर्वोदय संस्था का गठन कर पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई।