शुजालपुर |नगर में गुरुवार को एक बार फिर जलप्रदाय व्यवस्था बिगड़ गई। बामन घाट डेम में बिजली प्रदाय व्यवस्था में गड़बड़ी के कारण व्यवस्था बिगड़ी। हालांकि नपा द्वारा तुरंत ही सुधार करके जलप्रदाय शुरू किया गया, लेकिन तब तक लोगों के घरों में नलों तक पानी पहुंचने में 4 घंटे की देरी हो गई। नपा द्वारा तीसरे दिन जलप्रदाय किया जा रहा है, लेकिन एक दिन भी तय समय पर जलप्रदाय नहीं होता है। श्रीनगर कॉलोनी के मनोहर परमार ने बताया गुरुवार को जलप्रदाय होना था। दोपहर 12 बजे नल आते है, लेकिन शाम 4 बजे तक जलप्रदाय नहीं हुआ।
इस प्रकार की स्थिति मंडी क्षेत्र की अन्य कॉलोनियों में बनी। कर्मचारी फूलसिंह ने बताया बामन घाट डेम पर बिजली यंत्रों में गड़बड़ी होने के कारण इस प्रकार की स्थिति बनी है। कुछ कॉलोनियों में जलप्रदाय किया जा रहा है जिनमें नहीं हुआ है उनमें भी जलप्रदाय किया जाएगा।