कठुआ ज्यादती : छात्राओं ने रैली निकाली, सर्वसमाज ने मौन जुलूस
सीकर | एसके गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं ने मंगलवार को कठुआ में नाबालिग बच्ची के साथ हुई सामूहिक ज्यादती के आरोपियों को फांसी देने की मांग करते हुए कॉलेज से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली। रैली के बाद छात्राओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति के नाम एडीएम जयप्रकाश को ज्ञापन सौंपा। कॉलेज की छात्रसंघ अध्यक्ष सरिता थालौड़ ने कहा कि सरकार बेटी बचाओ आंदोलन चला रही है। ऐसे में इस प्रकार की घटना से आरोपियों का हौसला बढ़ता है। छात्राएं रैली के दाैरान तख्तियां लेकर चल रही थीं। छात्राओं ने कलेक्ट्रेट गेट पर भी नारेबाजी की। इस दौरान पुष्पा, रुकसार बानो, सावित्री सहित बहुत सी छात्राएं उपस्थित थीं। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले व यूपी के उन्नाव में सामूहिक ज्यादती व हत्या के आरोपियों को सजा देने की मांग को लेकर 19 अप्रैल को निकाली जा रही इंसाफ रैली का डीएएसएफआई ने समर्थन किया है। यह जानकारी छात्र प्रतिनिधि विक्रम भादवाड़ी ने दी।
मौन जुलूस निकालकर कड़ी सजा की मांग की
सर्व समाज की ओर से कठुआ एवं उन्नाव की घटना के विरोध मौन जुलूस निकालकर विरोध जताया गया। मौन जुलूस ईदगाह चौक से प्रारंभ हुअा जो विभिन्न मार्गों से होते कल्याण सर्किल पहुंचा। जुलूस में लोगों ने हाथों में मोमबत्ती जलाकर आरोपियों के कड़ी सजा की मांग की।