100 रुपए के नोट के कारण एटीएम हर 5 घंटे में खाली
बैंकों में इन दिनों 2000 और 500 रुपए के नोट की कमी चल रही है। इसकी बड़ी वजह बाजार में नई पैदावार आना, शादी समारोह की सीजन और आरबीआई से सप्लाई में देरी को माना जा रहा है। बैंकर्स को एटीएम में 100-200 रुपए के नोट भरने पड़ रहे हैं। केश की डिमांड ज्यादा होने के कारण एटीएम महज पांच घंटे में खाली हो रहे हैं।
पिछले 15 दिनों से बैंकों में बड़े नोटों की किल्लत चल रही है। बैंक अधिकारियों ने अनुसार आमतौर पर नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत में नगदी की डिमांड बढ़ती है, लेकिन इस बार डिमांड ज्यादा है। जबकि जमा होने वाले पैसे में कमी आई है। आरबीआई से बैंकों के पास नगद पैसा नहीं पहुंच पा रहा है। ऐसे में मांग और पूर्ति में संतुलन नहीं होने के कारण नगदी की कमी बनी हुई है। लोग बैंकों में चक्कर लगा रहे हैं।
वैकल्पिक व्यवस्था के लिए अजमेर से मंगवाया पैसा | लीड बैंक प्रबंधक सतीष शर्मा का कहना है कि आरबीआई से करेंसी की शॉर्ट सप्लाई चल रही है। इससे परेशानी हो रही है। नया वित्तीय वर्ष शुरू होने के कारण लोगों में नगदी की डिमांड बढ़ी हुई है। वैकल्पिक व्यवस्था के लिए अजमेर चेस्ट ब्रांच से 2000 व 500 के नोट मंगवाए गए हैं। स्थानीय स्तर पर जमा होने वाले पैसा भी कम आ रहा है। एक हफ्ते में व्यवस्था में सुधार हो जाएगी।