पटवार भर्ती : टीएसपी अभ्यर्थियों को मिली कम्प्यूटर डिप्लोमा में छूट
पटवार भर्ती-2015 में शैक्षणिक योग्यता का विवाद बढ़ता जा रहा है। कम्प्यूटर डिप्लोमा कोर्स के मामले में हाईकोर्ट ने टीएसपी के अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा तक पात्र मान लिया है। अब नोन टीएसपी क्षेत्र के अभ्यर्थियों की मांग भी तेज हो गई है कि उन्हें भी छूट दी जाए। भास्कर ने मामले का खुलासा किया था कि राजस्थान अधीनस्थ एवं मंत्रालयिक सेवा चयन बोर्ड ने आवेदन लेने के बाद नियम बदल दिए और कम्प्यूटर डिप्लोमा कोर्स में कार्मिक विभाग के नियम भी नहीं माने। नोन टीएसपी के अभ्यर्थी अब 17 अप्रैल को सुबह 10 बजे बोर्ड में प्रदर्शन करेंगे। अभ्यर्थी सुनील वर्मा व संदीप कंसाना ने बताया कि राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेन यादव के नेतृत्व में बोर्ड पर प्रदर्शन करेंगे।
इधर, दस्तावेज सत्यापन के लिए 610 में से 236 ही आए | पटवार भर्ती के 615 चयनित अभ्यर्थियों को उनके मूल प्रमाण पत्रों की जांच के लिए बुलाया था। डिप्टी रजिस्ट्रार सुरेश सिंधी के अनुसार इसके लिए 12 अप्रैल का समय तय किया गया था, लेकिन 236 ही पहुंचे। बाकी 386 अभ्यर्थियों को मंडल प्रशासन ने एक और मौका दिया है। मंडल की रजिस्ट्रार विनीता श्रीवास्तव ने आदेश जारी कर कहा है कि अनुपस्थित रहे 386 अभ्यर्थी 16 अप्रैल को अपने दस्तावेजों का सत्यापन करवा सकते हैं।