प्रत्येक जिला मुख्यालय पर 23 जून को होगी रन फॉर ओलिंपिक
राजस्थान ओलिंपिक संघ की वार्षिक साधारण सभा में 23 जून को रन फॉर ओलंपिक का आयोजन करने का निर्णय लिया गया। यह कार्यक्रम राज्य के प्रत्येक जिला मुख्यालय पर जिला ओलिंपिक संघ के तत्वावधान में किया जाएगा। इसको लेकर ओलिंपिक संघ के उपाध्यक्ष प्रमोद जादम की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया है। नवम्बर में होने वाले नेशनल गेम्स की तैयारियों को लेकर राज्य खेल संघों से विचार विमर्श किया गया है। यह बैठक ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष जर्नादन सिंह गहलोत की अध्यक्षता में हुई।
समानान्तर खेल संघों ने बढ़ाई परेशानी | राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर खेलों को लेकर समानान्तर खेल संघों के गठन के कारण खिलाड़ियों की परेशानी बढ़ती जा रही है। अभिभावकों को सही व गलत का आकलन करने हुए प्रतियोगिता में खिलाडिय़ों के भविष्य को ध्यान में रखने हुए खिलवाना चाहिए। फर्जी खेल प्रतियोगिताओं में दिए गए प्रमाण पत्र की वैधानिक वैधता नहीं होने के कारण खिलाड़ी मुसीबत में फंस कर रह जाता है। इसको लेकर ओलिंपिक संघ के चेयरमेन धनराज चौधरी, उपाध्यक्ष मनमोहन जायसवाल व प्रमोद जादम की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि राजस्थान में खेल अध्यादेश लागू होने के कारण कोई भी गैर मान्यता प्राप्त समानान्तर खेल संघ राजस्थान का शब्द का उपयोग नहीं कर सकते। साथ ही प्रमाण पत्र भी जारी नहीं कर सकते। राष्ट्रीय स्तर पर गठित खेल महासंघों को लेकर जल्द ही सरकार की ओर से सीईओ को नियुक्त किये जाने पर विचार विमर्श किया गया है।