अपनी बहन से मिलाने का झांसा देकर बुलाया था साले को, हत्या के बाद सूरत जा रहा था, रास्ते में गिरफ्तार
बहन से अवैध संबंध के कारण साले की हत्या का आरोपी सरदारमल बस में बैठ कर सूरत फरार हो रहा था। उसने बस ड्राइवर के मोबाइल से सूरत में रिश्तेदार को काम धंधे के लिए आने की बात कहीं। रिश्तेदार से बात कर पुलिस ने उसेे राजसमंद में बस से उतर जाने को कहा। इसके बाद राजसमंद पुलिस ने उसे दबोच लिया। खंडेला पुलिस टीम राजसमंद से उसे गिरफ्तार कर ले आई। आरोपी ने पूछताछ में साले की हत्या करने की बात कबूल की है। पुलिस हत्या में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही है। सीओ नीमकाथाना दिनेश यादव ने बताया कि हत्या के आरोपी सरदारमल निवासी उदयपुरवाटी को गिरफ्तार कर राजसमंद से ले खंडेला ले आए है। हत्या करने के बाद वह बस में बैठ कर सूरत काम धंधे के लिए जा रहा था। उसने सूरत में एक रिश्तेदार को बस के ड्राइवर से मोबाइल लेकर काम धंधे के लिए आने की बात कहीं। सूरत के रिश्तेदार से खंडेला पुलिस ने संपर्क किया तो उसने पुलिस को पूरी कहानी बताई। इसके बाद पुलिस ने रिश्तेदार को वापस सरदारमल को फोन कर राजसमंद उतर जाने के लिए कहा। रिश्तेदार ने सरदारमल को कहा कि तुम्हारा फूफा आ रहा है वह तुम्हें काम राजसमंद में ही दिलवा देगा। वह राजसमंद में बस से उतर गया जहां पर चारभुजा पुलिस ने उसे दबोच लिया।
हंसराज रोज जीजा को उसकी बहन से बात कराने को कहता था
सरदारमल सैनी की डेढ़ साल पहले शादी हुई थी। उसके बाद से ही मृतक हंसराज उसे मोबाइल पर उसकी बहन से बात करने के लिए कहता था। उसकी बहन के पास मोबाइल नहीं था और वह रोजाना सरदारमल को ही फोन कर बात करने के लिए कहता था। इसी सेपरेशान होकर उसने घटना के दिन उसे फोन कर कहा बहन से मिलाने के लिए बुला लिया। इसके बाद उसने अपने एक दोस्त को पूरी बात बताई और उसे साथ लेकर हत्या करने की योजना बनाई। उसके दोस्त ने पहले तो उसे मना भी किया था।
उदयपुरवाटी से तेजाब और खंडेला मोड से खरीदी शराब | सरदारमल उसे फोन करने के बुलाने के बाद हत्या करने के लिए दरांती लेकर आया था। उसने रास्ते में ही उदयपुरवाटी से तेजाब खरीदा और खंडेला मोड से शराब खरीदी थी। दोनों मिलकर हंसराज को सलेदीपुरा के जंगलों में ले गए। जहां पर उसे जबरन अधिक शराब पिलाई गई। शराब पीने के बाद हंसराज ने जीजा सरदारमल को बहन से मिलाने के लिए कहा तो उसे गुस्सा आ गया। इसके बाद उसने आवेश में आकर उसकी गला रेत कर हत्या कर दी। पहचान छुपाने के लिए उसके चेहरे पर उसने तेजाब भी डाल दिया। हत्या करने के बाद दोनों शव को वहीं पर पटकर कर फरार हो गए। बकरी चराने वालों ने शव को देखकर पुलिस को घटना की सूचना दी।